इंदौर. बुलेट के साइलेंसर में कारस्तानी कर गोली चलने जैसी आवाज निकालने के खिलाफ लोकोपयोगी अदालत में याचिका दायर की गई। इस पर कोर्ट ने आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन को नोटिस जारी किया है। बीच ट्रैफिक में एकदम से ऐसी आवाज आने पर लोग चौंक जाते हैं।
एडवोकेट अमित भाटिया, प्रवीण योगी ने जनहित में यह याचिका दायर की। इसमें कहा गया है कि शहर में बुलेट का काम करने वाले मैकेनिक साइलेंसर में ऐसी कारस्तानी कर देते हैं कि इसमें से गोली चलने जैसी आवाज निकलती है। शहर में ऐसी बुलेट की संख्या बढ़ती जा रही है। बुलेट सवार रात में सुनसान इलाकों में ऐसी ही आवाज करते हैं।
ऐसा करना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। न्यायाधीश इंद्रा सिंह ने नोटिस जारी कर अगली सुनवाई में जवाब मांगा है। ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने और मैकेनिक को भी हिदायत देने की मांग याचिका में की गई।