- Hindi News
- दूसरे कैंपस में शिफ्ट करने के निर्णय पर भड़के छात्र
दूसरे कैंपस में शिफ्ट करने के निर्णय पर भड़के छात्र
वैष्णवमैनेजमेंट कॉलेज के सांवेर रोड स्थित कैंपस के स्टूडेंट को गुमाश्ता नगर कैंपस में शिफ्ट करने के निर्णय के विरोध में मंगलवार को हंगामा हुआ। छात्र इस बात पर अड़ गए कि उन्हें इसी कैंपस में पढ़ाई पूरी करना है। वे 15 किमी दूर कैंपस में पढ़ने नहीं जाएंगे। छात्रों ने कॉलेज बंद करवाया और धरने पर बैठ गए।
दरअसल संस्थान यहां से अपना एमबीए कोर्स बंद कर चुका है। इसलिए वह पुराने छात्रों को अपने गुमाश्तानगर स्थित कैंपस में भेजना चाहता था। बताते हैं कि दोनों कैंपस की लगभग आधी-आधी सीटें ही भर पाई थी। ऐसे में खर्चों में कटौती को लेकर संस्थान प्रबंधन ने यह कदम उठाया। मंगलवार को संस्थान प्रबंधन क्लास रूम बंद कर एमबीए के सभी छात्रों को दूसरे कैंपस में शिफ्ट करने की तैयारी में था। इसकी जानकारी मिली तो सांवेर रोड कैंपस के छात्रों ने विरोध किया। देर तक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी़ हुई। फिर कुछ प्रोफेसरों ने विद्यार्थियों से बातचीत की। छात्रों का कहना था हमने जिस कैंपस में प्रवेश लिया, उसी में पढ़ाई करेंगे। कई छात्रों का कहना था बाइक से इतना दूर जाना संभव नहीं है। इस कैंपस में ज्यादातर छात्र आसपास की पांच किमी कॉलोनियों के रहने वाले हैं।