पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कारोबारी की पत्नी को तीन लाख में राजस्थान में बेचा

कारोबारी की पत्नी को तीन लाख में राजस्थान में बेचा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. शहर के एक कारोबारी ने प्रशासन के पास शिकायत की है कि उसकी पत्नी को एक महिला ने तीन लाख रुपए में राजस्थान में बेच दिया है। राजस्थान जाकर जब पीड़ित पति ने खरीदार से अपनी पत्नी को वापस मांगा तो उसे साफ कहा कि पहले तीन लाख रुपए दो, तब वापस करूंगा, मैंने इसे तीन लाख रुपए में खरीदा है।
पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को वेलोसिटी टॉकिज के पास रहने वाली कविता शर्मा ने कोटा निवासी निर्मल व नरेश अग्रवाल को बेचा है। पति की शिकायत के बाद परदेशीपुरा एसडीएम सपना शिवाले ने सर्च वारंट जारी कर पुलिस को 23 फरवरी तक पत्नी को कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए हैं।
मायके का कहकर गई थी, वापस नहीं आई
शहर के गौहर नगर निवासी कारोबारी ने यह शिकायत की है। इसमें उन्होंने लिखा है कि जून 2014 में उनकी पत्नी अपने मायके गांव जाने का कहकर घर से गई। कुछ दिनों तक पत्नी के वापस नहीं आने पर जब मैं उसके मायके गया तो पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची। मैंने पुलिस में शिकायत भी की, लेकिन पत्नी का पता नहीं चला। फिर अपनी खोजबीन से पता चला कि कविता शर्मा ने उसे राजस्थान में बेच दिया है।
राजस्थान का पता निकालकर वहां गया तो अग्रवाल ने कहा- पहले तीन लाख रुपए दो, तब तुम्हारी पत्नी को वापस करूंगा, मैंने उसे खरीदा है। राजस्थान और शहर में कई बार पुलिस से इसकी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एसडीएम शिवाले ने कहा- आवेदक ने लिखित शिकायत में पत्नी के तीन लाख रुपए में बिकने की बात कही है, सर्च वारंट जारी कर दिया है, महिला के बयान पर ही पूरी घटना सामने आएगी।