इंदौर. पार्षद प्रत्याशी राजकुमार टेटवाल पर चली गोली के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया राजकुमार ने ही उन्हें खुद पर गोली चलाने का कहा था। पांच हजार रुपए एडवांस भी दिए थे। पुलिस ने जांच की तो पता चला राजकुमार ने घटना से पहले सात घंटे में 22 बार आरोपियों से
मोबाइल पर बात की थी।
एएसपी राजेश सहाय ने बताया एमआईजी पुलिस ने किशोर उर्फ छोटू महाराज पिता भूरेलाल पाटिल अमित उर्फ बारिक पिता श्यामलाल और मनीष पिता रामचंद्र नानेरिया तीनों निवासी रुस्तम का बगीचा को गिरफ्तार किया गया है।
अमित ने 30 जनवरी को पार्षद प्रत्याशी राजकुमार टेटवाल पर गोली चलाई थी जबकि छोटू बाइक पर साथ में बैठा था और मनीष गाड़ी चला रहा था। आरोपियों ने बताया राजकुमार ने ही खुद पर गोली चलवाई है। राजकुमार के लिए छोटू लंबे समय से काम कर रहा है। घटना के दो-तीन दिन पहले छोटू को राजकुमार ने बुलाया था। उसने कहा इस काम को कर दो चुनाव जीतने पर मालामाल कर दूंगा। एडवांस के रूप में राजकुमार ने छोटू को पांच हजार रुपए भी दिए थे।
8 घंटे में 22 बार बात
टीआई एमआईजी अरविंद तोमर ने बताया थाने के सिपाही राजकुमार, कृष्णकांत पाटिल और संजय तिवारी को मुखबिर से सटीक जानकारी मिली थी कि यह घटना राजकुमार ने ही करवाई है। पुलिस ने राजकुमार व उसके परिचितों की कॉल डिटेल निकालना शुरू की। इसमें राजकुमार की मां के मोबाइल से छोटू के मोबाइल पर लगातार बात होना पता चला। घटना के दिन भी सुबह 6.30 से दोपहर 1.30 बजे के बीच 22 बार दोनों की बात हुई। इससे पुख्ता हो गया कि राजकुमार ने ही वारदात करवाई। उसके खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं। उसे भी आरोपी बनाया जा सकता है।
जेल में हुई थी दोस्ती
आरोपी छोटू और अमित की दोस्ती जेल में हुई थी। दोनों प्राणघातक हमले के मामले में जेल में साथ थे। दोनों पर ही 3-4 मामले दर्ज हैं। मनीष पर दो मामले हैं। छोटू ने ही दोनों को वारदात के लिए तैयार किया था। छोटू ही पिस्टल लेकर आया था। पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया है।
मैंने तो शराब के लिए दिए थे रुपए
मैं उन लोगों को जानता हूं। उन्होंने मुझसे कहा था कि इलाके में शराब बंटवानी है तो वे 5 हजार रुपए ले गए थे। उसी के लिए मैं उनसे बात कर रहा था। मुझे नहीं पता था वे मुझे ही गोली मारने वाले हैं। यह सब पुलिस और मेरे विरोधियों की मिलीभगत है। मुझे जानबूझकर फंसाया जा रहा है।
-राजुकमार टेटवाल, वार्ड 44 निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी