- Hindi News
- निगम कर्मचारी संस्था के अध्यक्ष को सहकारिता विभाग ने हटाया
निगम कर्मचारी संस्था के अध्यक्ष को सहकारिता विभाग ने हटाया
नगरनिगम कर्मचारी सहकारी साख संस्था के अध्यक्ष रामलाल यादव को अंतत: सहकारिता विभाग ने हटा दिया। विभाग ने मंगलवार को यह आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि पद के दुरुपयोग की शिकायत की जांच के बाद संस्था के संचालक मंडल को इस पर निर्णय लेने के लिए कहा गया था, जो हुआ। ऐसे में यादव को संस्था के संचालक या अध्यक्ष पद से हटाना जरूरी हो गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
सहकारिता उपायुक्त जगदीश कनौज द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अध्यक्ष यादव ने संस्था के ही नियमों का पालन नहीं किया है। संस्था के संचालक उमाकांत काले और राजेंद्र यादव ने सहकारिता उपायुक्त को शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि अक्टूबर 2012 में अध्यक्ष ने गुजरात-राजस्थान के टूर का प्रोग्राम बनाया। इसके लिए संस्था से 35 हजार रुपए का अनुदान दिया गया। इतना ही नहीं अध्यक्ष संचालकों के लिए आठ-आठ हजार खर्च करने के लिए निकाले गए। टूर में कुल 30 कर्मचारी गए। उनमें से आधे से ज्यादा सेवानिवृत्त थे। शिकायत के बाद विभाग ने इसकी जांच की तो कई तथ्य सही पाए गए।