लगातार आठवें दिन मौत, इंतजाम अधूरे
अब तक 28 मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। उनमें से 12 की मौत। संदिग्ध मरीजों की संख्या अलग।
भास्करसंवाददाता. इंदौर
स्वाइनफ्लू से लगातार आठवें दिन शनिवार को भी एमवाय अस्पताल में एक संदिग्ध मरीज की मौत हो गई। इस बीमारी से शहर में अब तक 21 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। इतना सब होने के बाद अब जाकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने एमवायएच में स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज में जुटे स्टाफ के लिए प्रोटेक्शन किट खरीदी हैं। यह सक्रियता भी तब दिखाई, जब पता चला कि स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव दौरे पर रहे हैं। बाणगंगा निवासी 30 वर्षीय महिला को शुक्रवार रात 11.30 बजे भर्ती किया था। अगले दिन उसने दम तोड़ दिया। अभी एमवाय सहित शहर के अधिकृत अस्पतालों में 28 मरीज भर्ती हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। शनिवार सुबह जब स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने जवाब तलब किया तब ताबड़तोड़ अस्पताल प्रशासन ने रिपोर्ट भेजी। इसमें कहा गया कि एमवायएच में मृत्युदर अधिक होने का कारण प्राइवेट अस्पतालों से कुछ मरीजों को ऐनवक्त पर गंभीर हालत में रैफर करना है। रिपोर्ट के अनुसार बांबे अस्पताल से तीन, सेम्स से दो और सीएचएल से एक मरीज को लगभग मरणासन्न अवस्था में रैफर किया गया। इसमें खरगोन और धार से मरीजों के देर से पहुंचने का हवाला भी दिया है। उधर, सैंपल भेजने के लिए 50 वीटीएम सॉल्यूशन भी खरीदा गया।