इंदौर. महिलाएवं बाल विकास विभाग और चाइल्ड लाइन की टीम ने मंगलवार को छापा मारकर एक 15 साल की लड़की को छुड़वाया। उसकी मां जिस व्यक्ति के साथ रहती थी, वही उस बच्ची का भी शोषण करता था। टीम ने पहले सर्वे के बहाने जानकारी ली, फिर पुलिस की मदद से कार्रवाई की।
चाइल्ड लाइन को 3 दिसंबर को सूचना मिली थी कि तीन इमली चौराहे के पास एक मकान में एक किशोरी मां के साथ रहती है। इस लड़की की मां उसके पिता के साथ नहीं बल्कि सुशील नाम के किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहती है। दो साल से यह व्यक्ति लड़की का शोषण कर रहा था। रात में शराब पीकर आता और गलत हरकत करता था।
सुबह चाइल्ड लाइन के कर्मचारी सर्वे के बहाने मकान पर पहुंचे। यहां सिलाई-कढ़ाई के काम के बहाने उससे पूछताछ की। शाम को चाइल्ड लाइन के ब्रजेश धाकड़, अविनाश वर्मा, महिला एवं बाल विकास के भगवान साहू पुलिस के साथ कार्रवाई करने पहुंचे। लड़की की मां से पूछताछ की। फिर भंवरकुआं थाने पर सुशील के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।