पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • निजी ट्रेवल्स की बस ने मारी थी छात्रा को टक्कर

निजी ट्रेवल्स की बस ने मारी थी छात्रा को टक्कर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बीआरटीएसपर शनिवार को बस की टक्कर से हुई छात्रा की मौत के मामले में भंवरकुआं पुलिस ने बस का पता लगा लिया है। बस एक निजी ट्रेवल्स एजेंसी की है। उसके चालक की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस को घटना के बाद किसी ने स्कूल बस होना बताया था, लेकिन पड़ताल में बस एक निजी ट्रेवल्स की निकली है।

भंवरकुआं पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह गुरुकुल होस्टल की छात्रा प्रतिभा पिता हुकुमचंद नामदेव को बीआरटीएस पर सड़क पार करते वक्त एक बस ने टक्कर मार दी थी। हादसे में छात्रा ने उपचार के दौरान एमवायएच में दम तोड़ दिया था। घटना के बाद पुलिस को कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला था। किसी ने स्कूल बस द्वारा टक्कर मारने की बात कही थी तो कोई उपनगरीय बस से टक्कर की बात कह रहा था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास कुछ बिल्डिंग्स के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले थे, लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लगी थी।

हेड कांस्टेबल ने खोज लिया प्रत्यक्षदर्शियों को

हादसे को लेकर एएसपी देवेंद्र पाटीदार ने जांच के लिए शनिवार को ही एक विशेष टीम गठित कर थाने के हेड कांस्टेबल रवि राजसिंह बैस को जांच सौंपी थी। सिंह ने घटना के समय से पूर्व रूट से निकलने वाले सभी वाहनों की जानकारी वहां लगी बिल्डिंगों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता की और रविवार दोपहर तक घटना के तीन प्रत्यक्षदर्शियों को खोज लिया। उनके बयानों के आधार पर जांच टीम को ये पता चला है कि बस किसी निजी ट्रेवल्स एजेंसी की थी। सूत्रों के अनुसार इंदौर से बांबे और पूना रूट पर चलने वाले दो ट्रेवल्स एजेंसी की बस के चालकों से पुलिस टीम पूछताछ में जुटी है। शीघ्र ही मामले का खुलासा हो जाएगा।