इंदौर. देवीअहिल्या यूनिवर्सिटी द्वारा बीए, बीकॉम और बीएससी दूसरे सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित नहीं किए जाने से छात्रों की परेशानी बढ़ गई है।
कॉलेजों ने छात्रों पर तीसरे सेमेस्टर की फीस भरने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। जीडीसी सहित अन्य कॉलेज छात्रों से यह भी लिखवा रहे हैं कि अगर वे फेल हुए तो सेमेस्टर की फीस का पैसा वापस नहीं मांगेंगे। दरअसल, कॉलेजों में सीसीई की प्रक्रिया चल रही है। दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा हुए तीन माह से ज्यादा वक्त हो चुका है, लेकिन यू्निवर्सिटी ने एक भी रिजल्ट घोषित नहीं किया।
चूंकि कॉलेजों में तीसरे सेमेस्टर के एडमिशन फॉर्म जमा हो चुके हैं, लेकिन छात्रों ने फीस जमा नहीं की है, इसलिए कॉलेज अब दबाव बना रहे हैं। कॉलेजों का कहना है कि सामान्य तौर जितने छात्र फेल होते हैं, उनमें से आधे पढ़ाई छोड़ देते हैं। बाद में वे तीसरे-चौथे सेमेस्टर (सेकंड ईयर) की फीस लौटाने के लिए कहते हैं।