इंदौर. ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में चार हजार मेहमान शिरकत कर सकते हैं। अभी तक ढाई हजार मेहमानों ने आने की सहमति दी है। यह बात रविवार को समिट की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कही गई। उद्योग वाणिज्य प्रमुख सचिव मोहम्मद सुलेमान ने यह बैठक ली। इस बार समिट में 200 विदेशी मेहमान भी रहे हैं, उन्हें हिंदी में होने वाले उद्बोधन समझने में समस्या नहीं हो, इसके लिए विशेष ईयर फोन लिए जा रहे हैं। इनमें हिंदी में होने वाले भाषण का अंग्रेजी में अनुवाद होता जाएगा। इवेंट कंपनी करीब 500 ईयर फोन की व्यवस्था कर रही है।
समीक्षा बैठक आयोजन स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में हुई। इसमें ट्रायफेक एमडी डीपी आहूजा, कमिश्नर संजय दुबे, कलेक्टर आकाश त्रिपाठी, एकेवीएन एमडी मनीषसिंह सहित नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण अन्य संस्थाओं के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मुख्य रूप से आयोजन स्थल की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।