- Hindi News
- प्रभारी मंत्री की होटल को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल भेजने वाला गिरफ्तार
प्रभारी मंत्री की होटल को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल भेजने वाला गिरफ्तार
सागर में मंत्री की होटल में काम करता था, वेतन के विवाद के बाद नौकरी से निकाल दिया था
भास्करसंवाददाता |इंदौर
जिलेके प्रभारी प्रदेश के परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह की सागर में स्थित होटल को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल भेजने वाले एक युवक को इंदौर से गिरफ्तार किया है। उसे पकड़ने के लिए सागर टीआई दो दिन तक बांबे हॉस्पिटल इलाके के एक सायबर कैफे पर संचालक बनकर बैठे रहे। जैसे ही रविवार को युवक वहां पहुंचा, उसे पकड़ लिया। आरोपी युवक दमोह जेल के प्रहरी का पुत्र है और मंत्री की होटल में काम करता था। वेतन के विवाद को लेकर उसे होटल की नौकरी से निकाल दिया था। इसी का बदला लेने के लिए उसने यह हरकत की।
सागर टीआई एमए सैय्यद ने बताया गत 11 सितंबर को होटल के मैनेजर और सागर एसपी को मोहम्मद जलील के नाम से एक ई-मेल पहुंचा था कि होटल में आठ बम प्लांट किए हैं। इसके बाद होटल की सर्चिंग की गई तो कुछ नहीं मिला। पुलिस ने कैलिफोर्निया स्थित जीमेल (गूगल) के हेड ऑफिस से जानकारी लेकर आईपी एड्रेस पता किया तो सामने आया कि इंदौर के एक सायबर कैफे से मेल भेजा गया था। सायबर कैफे के रिकॉर्ड से पता चला जिस युवक ने मेल किया था उसने अपना नाम दमोह निवासी भूपेंद्र सिंह ठाकुर नोट कराया था।