- Hindi News
- इंदौर में भर्ती स्वाइन फ्लू के मरीजों में से 55% की मौत
इंदौर में भर्ती स्वाइन फ्लू के मरीजों में से 55% की मौत
स्वाइनफ्लू से लगातार मौतें हो रही है और अफसर मौत के आंकड़ों में ही उलझे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जहां कोर्ट में मौत के अधूरे आंकड़े पेश किए तो एमवाय में कितने मरीजों का इलाज हो चुका है, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। यह जानकारी भी सामने आई है कि इंदौर में दूसरे शहरों की तुलना में स्वाइन फ्लू के मरीजों की मौत की दर ज्यादा है। यहां इलाज करा चुके या करा रहे जितने मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई हैं उनमें से 55 फीसदी की मौत हो चुकी है। एमवाय में वार्ड 26 और तल मंजिल पर बने वार्ड में मरीजों को रखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार अब तक 71 मरीज भर्ती हुए हैं इनमें से 68 सी-कैटेगरी के है। संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. शरद पंडित का कहना है कि इंदौर में क्रिटिकल मरीज रैफर हो कर रहे हैं। सेंपल भी सिलेक्टिव भेजे रहे हैं। इसी वजह से यहां मौत का आंकड़ा ज्यादा है।
बच्चोंको बताएं लक्षण
शिक्षाविभाग के संयुक्त संचालक ने सभी स्कूलों के प्राचार्यों को बुलाकर निर्देश दिए कि बच्चों को स्वाइन फ्लू के लक्षणों के बारे में समझाएं। किसी बच्चे को सर्दी-जुकाम और बुखार आए तो तुरंत माता-पिता को सूचित कर स्क्रीनिंग सेंटर पर जाने के लिए कहे। उधर, राऊ विधायक जीतू पटवारी ने स्वाइन फ्लू को लेकर सीएम को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा स्वास्थ्य विभाग सचेत नहीं है।