- Hindi News
- माला से परहेज, केसरिया दुपट्टा देख खुद ही झुक गए शाह
माला से परहेज, केसरिया दुपट्टा देख खुद ही झुक गए शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को इंदौर आए। सीएम शिवराजसिंह चौहान और शहर के भाजपा विधायकों ने उनकी अगवानी की। करीब 25 मिनट की चर्चा के बाद वे मंडलेश्वर जाने के लिए जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर आए कार्यकर्ता स्वागत के लिए टूट पड़े। थोड़ी धक्का-मुक्की के बीच कार्यकर्ताओं से हार-फूल लिए लेकिन माला पहनने में रूचि नहीं दिखाई। दो कार्यकर्ताओं के हाथों में स्वागत के लिए केसरिया दुपट्टे देखे तो शाह खुद ही झुक गए..।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने विधायक और भाजपा पदाधिकारियों का परिचय करवाया। इंदौर यात्रा के दौरान शाह चुप ही रहे। हालांकि कार्यकर्ताओं को स्वागत का पूरा मौका दिया। शाह के स्वागत के लिए प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान, अरविंद मेनन, कृष्णमुरारी मोघे, शैलेंद्र बरुआ, शंकर लालवानी, सुदर्शन गुप्ता, रमेश मेंदोला, उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मनोज पटेल, राजेश सोनकर, राजेंद्र वर्मा, कैलाश शर्मा, कमलेश शर्मा, कमल वाघेला, गोलू शुक्ला, दीपक जैन, पं. महेश जोशी, मनोज मिश्रा आदि एयरपोर्ट पहुंचे थे।
सीएम के लिए केवल दो नेता पहुंचे
अमितशाह की अगवानी के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पौने नौ बजे इंदौर पहुंच गए थे। एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में उन्हें भाजपा के संभागीय संगठन महामंत्री बरुआ और क्षेत्र-1 के विधायक गुप्ता ही नजर आए। इन दोनों नेताओं ने ही सीएम का स्वागत किया। भाजपा नगर अध्यक्ष सहित अन्य विधायक एयरपोर्ट के बाहर ही खड़े थे। ज्यादातर को तो ये भी पता नहीं था कि मुख्यमंत्री अगवानी के लिए आने वाले हैं। सीएम के आने की खबर बाहर भेजी गई तब कुछ नेता अंदर की और दौड़े।
एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष शाह ने स्वागत करने आए नेताओं से हार-फूल तो लिए लेकिन पहने नहीं। उनकी अगवानी करने मुख्यमंत्री भी पहुंचे थे।
बोले- चुनरी यात्रा में आने का मन है
शाहका फूलों के हार के बजाय हर्ष नेमा ने केसरिया दुपट्टे से स्वागत किया और विधायक गुप्ता ने चुनरी यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया, तो बोले इस यात्रा में आने का मन है इसलिए पूरी कोशिश करुंगा कि इसके निमित्त फिर से इंदौर आऊं।