- Hindi News
- विजयवर्गीय की एमपीसीए में एंट्री की तैयारी
विजयवर्गीय की एमपीसीए में एंट्री की तैयारी
एमपीसीए(मप्र क्रिकेट एसोसिएशन) की नव कार्यकारिणी के लिए इस बार ज्योतिरादित्य सिंधिया को समर्थन देकर सभी को चौंकाने वाले नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अब एसोसिएशन की आजीवन सदस्यता लेने का विचार किया है।
मंत्री विजयवर्गीय और विधायक रमेश मेंदोला ने हाल ही में एसोसिएशन से सदस्यता आवेदन के फॉर्म लिए हैं। एसोसिएशन की स्क्रूटनी कमेटी की बैठक संभवत: एक माह बाद होगी, इसके पहले उन्हें सदस्यता के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन फॉर्म लेने से मंत्री विजयवर्गीय ने यह संदेश दे दिया है कि क्रिकेट और एसोसिएशन दोनों से ही दूर नहीं जा रहे हैं।
आवेदन आने के बाद स्क्रूटनी कमेटी इस पर विचार करेगी। कमेटी यदि उन्हें सदस्य बनाए जाने योग्य पाती है तो नाम की अनुशंसा कर मैनेजिंग कमेटी को भेजेगी। यहां मंजूरी मिलने के बाद औपचारिक रूप से सदस्यता मिल जाएगी। सदस्यता मिलने से सबसे बड़ा लाभ होगा कि विजयवर्गीय या मेंदोला को भविष्य में कमेटी में चुनाव मैदान में आने के लिए आईडीसीए या अन्य किसी संस्था का प्रतिनिधि बनने की जरूरत नहीं रह जाएगी, वह आजीवन सदस्य के रूप में चुनाव लड़ सकेंगे।
सब कमेटी अवैधानिक, कोर्ट जाऊंगा
उधर,एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य डॉ. लीलाधर पालीवाल ने एसोसिएशन के प्रेसीडेंट संजय जगदाले सचिव मिलिंद कनमड़ीकर को एक पत्र लिखकर नोटिस दिया है। पत्र में कहा गया है कि एसोसिएशन के संविधान की धारा 29 30 के तहत मैनेजिंग कमेटी ही सब कमेटी बनाती है, लेकिन 24 अगस्त को सर्वसम्मति से कार्यकारिणी बनने के बाद से ही कमेटी की बैठक नहीं हुई है। ऐसे में बनाई गई 27 सब कमेटियां अवैधानिक हैं। यदि इन्हें सात दिन में निरस्त नहीं किया जाता है तो वे कोर्ट की शरण लेंगे।