- Hindi News
- एयरपोर्ट में फिर से घुसा बंदर, यात्री घबराए
एयरपोर्ट में फिर से घुसा बंदर, यात्री घबराए
देवीअहिल्या विमानतल भले की संवेदनशील विमानतलों में शामिल हो, लेकिन यहां की सुरक्षा व्यवस्था की पोल दो बार बंदर खोल चुके हैं। सोमवार को विमानतल टर्मिनल में एक बार फिर एक बंदर घुस आया। इसे देखकर यात्री घबरा गए। तुरंत वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे भगाया। कुछ देर उछल-कूद के बाद बंदर बाहर निकल गया। इन घटनाओं को लेकर विमानतल प्रबंधन टर्मिनल की पूरी जांच करवा रहा है, साथ ही वन विभाग से भी चर्चा की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे विमानतल के ऑपरेशनल एरिया की ओर से एक बंदर टर्मिनल के अंदर गया। संभवत: ये बंदर यहां विमान से आने वाले सामान को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए लगे कन्वेयर बेल्ट से आया था। इसे देखकर टर्मिनल में मौजूद यात्री घबरा गए। बंदर को देख तुरंत यहां तैनात जवान और कर्मचारी दौड़े। बंदर अराइवल एरिया तक पहुंचा। जब उसे भगाया गया तो वह उसी ओर से करीब पांच मिनट बाद वापस बाहर निकल गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर मनोज चंसोरिया ने बताया कि इस घटना के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टर्मिनल की पूरी जांच करें और देखें कि कहां-कहां ऐसी जगह है, जहां से बंदर अंदर सकता है। उन स्थानों को तुरंत बंद करवाया जाएगा। साथ ही वन विभाग से भी बंदरों की एयरपोर्ट परिसर में रोकथाम को लेकर चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 26 अगस्त को भी एक बंदर एयरपोर्ट टर्मिनल में घुस गया था। बंदर जहां से घुसा था उस स्थान को प्रबंधन बंद करवा चुका है।