कृतिका और महक ने जीते स्वर्ण पदक
ठाका(बांग्लादेश) में आयोजित दूसरी साउथ एशियन रोलबॉल चैंपियनशिप में इंदौर की कृतिका चौहान और महक ढोके ने भारतीय रोलबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में नेपाल को 8-0 से हराया। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को 14-2 से शिकस्त दी। लीग मैचों में भारत ने पाकिस्तान को 7-2 से, श्रीलंका को 12-3 से और भूटान को 7-1 से पराजित किया। स्पर्धा में भारत की बालक टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता।
नजरवर्ल्ड चैंपियनशिप पर : भवंसप्रॉमिनेंट की छात्रा कृतिका चौहान ने बताया, मैं दूसरी बार किसी इंटरनेशनल स्पर्धा में हिस्सा लेने गई थी। मैंने अपने अनुभव का अच्छा उपयोग किया और फाइनल में दो गोल दागे। पहली बार भारतीय टीम में शामिल डीपीएस की महक ढोके ने कहा मेजबान बांग्लादेश को उसके ग्राउंड पर हराना हमारे लिए बड़ी चुनौती थी लेकिन हमने सेमीफाइनल में उन पर एकतरफा जीत दर्ज की।
अब इन दोनों खिलाड़ियों की नजर नवंबर में युगांडा में होने वाली एशियन चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप पर होगी। वर्ल्ड कप 2015 में पुणे में आयोजित होगा। इंदौर पहुंचने पर दोनों खिलाड़ियों का एयरपोर्ट पर म.प्र. रोलबॉल संघ के पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सूर्यदत्त जोशी, हेमंत जोशी,आशीष सेन कोच संजय पिपलोदिया और बड़ी संख्या में खिलाड़ीगण मौजूद थे।