- Hindi News
- इंदौर के दो बदमाशों ने पांच लाख की सुपारी लेकर की थी किसान की हत्या
इंदौर के दो बदमाशों ने पांच लाख की सुपारी लेकर की थी किसान की हत्या
जमीन विवाद में सनावद के पास हुई एक किसान की नृशंस हत्या के दो आरोपियों को इंदौर पुलिस ने पकड़ लिया। आरोप है कि इन दोनों ने 5 लाख की सुपारी लेकर हत्या की थी। बदमाशों को सनावद पुलिस कौ सौंप दिया है। वहीं आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
9 सितंबर को सनावद के पास जूना पानी इलाके में पत्थर से सिर कुचली लाश मिली थी। सनावद पुलिस ने जांच की तो मामला हत्या का निकला। उसकी शिनाख्त धनगांव (खंडवा जिला) निवासी मुन्नालाल पिता रूगिया बंजारा के रूप में हुई थी। पूछताछ में सनावद पुलिस को उसके परिजन ने बताया मुन्नालाल प्रॉपर्टी का भी काम करता था। कुछ दिन पूर्व वह एक बड़े सौदे के लिए इंदौर गया था। इस बिंदु में इंदौर के मालवा मिल इलाके के राकेश नामक युवक की जानकारी पुलिस को मिली थी। राकेश तो पुलिस को नहीं मिला लेकिन इस मामले में सनावद का अर्जुन पुलिस के हाथ गया। उससे भी सुपारी देकर हत्या करने का पता चला।
सनावद के अर्जुन ने दी थी सुपारी
प्रॉपर्टी विवाद में ही हुई हत्या
^मुन्नालालबंजारा की हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद पता चला। कुछ संदिग्धों को हमने पूछताछ के लिए बुलाया है। मामले में इनवेस्टिगेशन जारी है। इंदौर के भी कुछ लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। शीघ्र ही मामले में खुलासा करेंगे। -आरसी. पाठक, एसडीओपी(बड़वाह)
सनावद पुलिस की निशानदेही पर इंदौर पुलिस ने चंदन नगर थाना क्षेत्र के विलास नगर निवासी श्याम पिता राजू धानक और छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के महू नाका के शानू पिता जीवनलाल धानक को शनिवार को पकड़ा। दोनों बदमाशों के बारे में सनावद पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में दोनों ने 5 लाख की सुपारी लेकर हत्या करना कबूला। सूत्र बताते हैं दोनों बदमाशों ने मुन्नालाल को धोखे से इंडिका कार में बुलाया और गला घोंटकर मार डाला, फिर जूना पानी इलाके के जंगल में फेंककर लाश को पत्थर से कुचल दिया। बदमाशों को हत्या के पहले 2-2 हजार रुपए ही मिले थे। बाकी रुपए काम होने के बाद देने का कहा था। ये सुपारी सनावद के किसी अर्जुन नामक व्यक्ति ने दी थी। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया है।