दो चोर पकड़े, लाखों का माल बरामद
हीरा नगर पुलिस ने दो शातिर चोरों को पकड़ा। उनके पास से लाखों का माल मिला है। दोनों के खिलाफ 15 से ज्यादा अपराध विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
टीआई हीरा नगर बसंत मिश्रा ने बताया आरक्षक देवेंद्र जादौन, विनोद पटेल ने एमआर-10 चौराहे पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को रोका। उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें लैपटॉप मिला। दोनों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उनके नाम पवन कोहली निवासी स्कीम 78 और संतोष उर्फ अनिल निवासी गुरुशंकर नगर पता चले। दोनों शातिर नकबजन हैं। पवन रात में रिक्शा लेकर घूमता है और चोरी करता है। उन्होंने पिछले दिनों बापट चौराहे पर कम्प्यूटर सेंटर में चोरी करना कबूला। उनसे हीरा नगर और विजय नगर में हुई चोरियों का माल छह सीपीयू, दो मॉनीटर, लैपटॉप, पांच मोटर साइकिल, एक एलसीडी, दो गैस टंकी, माइक्रोवेव ओवन सहित पांच लाख का माल बरामद किया। टीम में एलएस सोलंकी, प्र.आ. रमजान की भी भूमिका रही।
वाहनचोर से मिली छह गाड़ियां
पलासियापुलिस ने शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान मनीष पिता कल्याणमल अग्रवाल निवासी दयाल नगर को गिरफ्तार किया। वह कुख्यात चोर है। उससे पूछताछ में छह गाड़ियां मिलीं। यह उसने पलासिया, भंवरकुआं, एमआईजी इलाके से चुराई थीं।