- Hindi News
- बिल्डिंग के नीचे मिली युवक की खून सनी लाश, हत्या की आशंका
बिल्डिंग के नीचे मिली युवक की खून सनी लाश, हत्या की आशंका
गणेशपुरीकॉलोनी में सोमवार देर रात एक युवक का खून से सना शव मिला। युवक के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या हुई है, जबकि पुलिस का कहना है युवक तीसरी मंजिल से गिरा है, जिससे उसकी मौत हुई है।
खजराना पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात गोयल विहार के पास गणेशपुरी कॉलोनी में एक बिल्डिंग के नीचे शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की शिनाख्त रामकृष्णबाग कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय भरत उर्फ करण पिता रेवाराम के रूप में हुई। वह टाटा मैजिक चालक था। पुलिस ने उसके परिवार को सूचना दी। उसके बाद शव को पीएम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप
संतुलन बिगड़ा और गिर गया
टीआई सीबी सिंह ने बताया भरत की मौत तीसरी मंजिल से गिरने से हुई है। युवक के रिश्तेदार मल्टी में रहते हैं। रात को वह उनसे मिलने आया था, लेकिन वे नहीं मिलीं तो उन्हें देखने के लिए तीसरी मंजिल पर चला गया। संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिरा और मौके पर दम तोड़ दिया। उसके साथी सुनील को पूछताछ के लिए पकड़ा है। उसने बताया भरत और उसने साथ में शराब पी थी, जबकि संतोष पहले से नशे में होने से मैजिक में सो गया था। मैजिक से भरत के रिश्तेदार के यहां जाने से पहले सुनील मयूर अस्पताल के पास एक परिचित महिला के पास रुक गया था, जबकि भरत रिश्तेदार के पास चला गया। हालांकि मामले में जांच की जा रही है।
भाई संजय ने बताया भरत की कुछ माह पहले बबीता से शादी हुई थी। शादी के बाद से वह खुश था। सोमवार रात 9 बजे वह घर से कुछ देर में आने का बोलकर गया था। दस बजे उसे घर के पास चौराहे पर टाटा मैजिक चलाते हुए भी देखा। मैजिक में उसका कंडक्टर संतोष और दोस्त सुनील भी थे। रात 11 बजे बाद वह नजर नहीं आया। वह मैजिक लेकर दोनों के साथ चला गया। रात करीब ढाई बजे पुलिस ने फोन कर बताया भरत की मौत हो चुकी है। मौके पर देखा तो भरत पड़ा हुआ था। उसके सिर से खून बह रहा था। उसके हाथ की अंगुली भी टूट चुकी थी। संजय ने आरोप लगाते हुए कहा- भाई की हत्या हुई है। उसके सिर्फ सिर में चोट थी, अगर वह गिरता तो उसके शरीर में और भी चोट के निशान होते। आशंका है भरत की साथियों ने मिलकर हत्या की है। जहां उसकी लाश मिली उसी बिल्डिंग में मामी चौकीदारी करती है।
गणेशपुरी की इस बिल्डिंग के नीचे मिला था युवक का शव।