- Hindi News
- डीआईजी ऑफिस के सामने युवक के पांच लाख रुपए उड़ाए
डीआईजी ऑफिस के सामने युवक के पांच लाख रुपए उड़ाए
फैक्टरीका पेमेंट करने जा रहे एक कर्मचारी से डीआईजी ऑफिस के सामने पांच लाख रुपए उड़ा लिए गए। कर्मचारी अपने एक साथी के साथ पीथमपुर में फैक्टरी का भाड़ा चुकाने जा रहा था, तभी रीगल चौराहे पर एक युवक ने उसे झांसा देकर रुपयों से भरा बैग उड़ा दिया। मामले में फैक्टरी के संचालक ने तुकोगंज पुलिस को घटना बताई तो पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है।
तुकोगंज टीआई दिलीप सिंह चौधरी ने बताया फैक्टरी मालिक अभिषेक पिता राजकुमार अग्रवाल (33) शांति निकेतन ने बताया कि वे फैक्टरी के काम से शनिवार को भोपाल में थे। तभी उन्हें कर्मचारी अनूप सिंह का फोन आया कि वह पीथमपुर में पेमेंट देने के लिए पांच लाख रुपए लेकर साथी विनोद मीणा के साथ जा रहा था। तभी कुछ काम से वह विनोद को गाड़ी पर रुपए से भरा बैग देकर गया तो एक युवक ने उसके पास आकर उससे बैग उड़ा दिया। विनोद ने पुलिस को बताया कि कोई युवक आया और बोला-तुम्हारा सामान नीचे गिर गया है। मैं देखने लगा इतनी देर में उसने गाड़ी पर टंगा बैग उड़ा दिया।
ऑटोरिक्शा की आड़ में कर गए वारदात- पाकीजाशो-रूम के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में घटनास्थल नजर आया, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज देखे तो वारदात के वक्त एक ऑटो रिक्शा कैमरे के सामने आकर खड़ा हो गया। उसी की आड़ में बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अब कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरे को भी चेक करेगी। फिलहाल चोरी का केस दर्ज किया है।