पैर की हड्डी निकालकर बना दिया जबड़ा
एमवायअस्पताल में सोमवार को एक जटिल ऑपरेशन किया गया। मरीज के पैर की हड्डी निकालकर जबड़ा बनाया और नसों को गर्दन से जोड़ा गया। चिकित्सकीय भाषा में इसे फ्री फेब्यूला कहते हैं। सर्जरी विभाग डेंटल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम ने करीब साढ़े आठ घंटे तक ऑपरेशन किया। इस अस्पताल में ऐसा ऑपरेशन पहली बार हुआ।
मंदसौर निवासी प्यारेलाल (19) को जबड़े में ट्यूमर हो गया था। इस वजह से एक तरफ का जबड़ा निकालने की नौबत गई थी। वह पहले शासकीय डेंटल कॉलेज पहुंचा। डॉक्टरों ने प्यारेलाल को समझाया कि ऑपरेशन से जबड़ा निकालने के बाद उसका नए िसरे से उपचार करना होगा। इसके बाद यहां डेंटल सर्जन्स ने ऑपरेशन कर एक तरफ का जबड़ा निकाल दिया। इसके बाद सर्जरी विभाग को नया जबड़ा बनाने का कहा गया। सोमवार को एमवायएच में ऑपरेशन किया गया। प्लास्टिक सर्जन डॉ. सचिन वर्मा ने बताया कि हर व्यक्ति के पैर में दो हड्डी होती है। एक मोटी और दूसरी पतली। पैर की पतली हड्डी निकालकर जबड़ा बनाया गया। इसके साथ उन नसों को निकालकर गर्दन की नसों से जोड़ा गया ताकि जबड़े तक खून का प्रवाह बना रहे। वरना हड्डी पिघल जाती है। डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. विलास निवासकर सर्जरी विभाग के डॉक्टरों की टीम ने सुबह आठ से शाम 4.30 बजे तक ऑपरेशन किया।