- Hindi News
- श्रियांशी, भाविका, खुशी, नित्यता, वंदित इस्पोरा अवॉर्ड से सम्मानित
श्रियांशी, भाविका, खुशी, नित्यता, वंदित इस्पोरा अवॉर्ड से सम्मानित
खेसं. इंदौर | शहरकी पांच उभरती खेल प्रतिभाओं श्रियांशी परदेशी (बैडमिंटन), भाविका पिंगले (गोताखोरी), नित्यता जैन (शतरंज), खुशी पटेल (वुशू) और वंदित जायसवाल (टेनिस) को जाने-माने इंटरनेशनल शूटर जीतू राय और विजय कुमार ने सोमवार को सयाजी क्लब में आयोजित गरिमामय समारोह में प्रथम इस्पोरा अवॉर्ड से नवाजा।
इंदौर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस अवॉर्ड समारोह में इन सभी खिलाड़ियों को तीन-तीन हजार रुपए की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह ट्रेकसूट प्रदान किए गए। श्रियांसी की गैर मौजूदगी में उनका अवॉर्ड उनके माता-पिता ने ग्रहण किया। इस अवसर पर लंदन ओलिंपिक के सिल्वर मेडल विजेता विजय कुमार ने कहा ऐसे आयोजन प्रशंसनीय है और इससे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है। मेरा लक्ष्य रियो ओलिंपिक में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना है। वर्ल्ड नंबर वन और इंचियोन एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट जीतू राय ने कहा मात्र एक पदक जीतना ही शूटर का लक्ष्य नहीं होता है। मुझे देश के लिए लगातार पदक जीतना है। मैं कड़ी मेहनत करूंगा और आगे भी पदक जीतना मेरा लक्ष्य रहेगा। इससे पहले स्वागत भाषण इस्पोरा अध्यक्ष ओम सोनी दिया। कार्यक्रम का संचालन कपिश दुबे जूही गुप्ता ने किया तथा आभार रवि तिवारी ने माना। इस मौके पर आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ललित शर्मा, सयाजी क्लब के महाप्रबंधक मो. जियाउल्लाह, इस्पोरा सचिव विकास पांडे भी उपस्थित थे।
इस्पोरा अवॉर्ड से सम्मानित खिलाड़ी अतिथियों के साथ।