- Hindi News
- काउंसिलिंग में हंगामा, डीएमई पर सीट बेचने का आरोप
काउंसिलिंग में हंगामा, डीएमई पर सीट बेचने का आरोप
सुप्रीमकोर्ट के आदेश पर हो रही पीएमटी काउंसलिंग भी विवाद में गई है। इसमें संचालक चिकित्सा शिक्षा (डीएमई) डॉ. एसएस कुशवाह एक बार फिर आरोपों के घेरे में हैं। छात्रों ने कुशवाह पर सरकारी कोटे की सीटें ऑल इंडिया कोटे के छात्रों को अलॉट करने का आरोप लगाया है। उन पर कॉलेज संचालकों से सांठगांठ कर सीटों को बेचने का आरोप भी लगा है। ऐसे हालात के चलते रविवार को छात्रों और उनके परिजनों ने काउंसलिंग नहीं चलने दी। केवल 13 छात्रों को सीट अलॉट करने के बाद यह प्रक्रिया रोकना पड़ी। विरोध के कारण ऑल इंडिया कोटे के तीन छात्रों को हुआ सीट अलॉटमेंट भी निरस्त करना पड़ा।
यह काउंसलिंग सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर की जा रही है। इसके जरिए भोपाल के पीपुल्स मेडिकल कॉलेज सहित इंदौर के अरबिंदो तथा उज्जैन के आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेजों की 187 सीटों को सरकारी कोटे से भरा जाना है। राजधानी के गांधी मेडिकल कॉलेज में रविवार की सुबह दस बजे काउंसलिंग शुरू हुई। कुछ ही देर बाद इसमें विवाद शुरू हो गया।
^निजी कॉलेजों में सरकारी कोटे की सीटों पर ऑल इंडिया कोटे के छात्रों को एडमिशन देने का प्रावधान है। उसी नियम के तहत ऑल इंडिया कोटे के तीन छात्रों को पीपुल्स कॉलेज की सीट आवंटित की गई थी। यह आवंटन छात्रों के विरोध के बाद निरस्त कर दिया गया।’ -डॉ.एनएम श्रीवास्तव, अध्यक्ष, यूजी काउंसलिंग कमेटी