- Hindi News
- अब डॉ. विश्नार ने जताई दावेदारी, कहा डॉ. ठाकुर पात्र डॉ. भटनागर
अब डॉ. विश्नार ने जताई दावेदारी, कहा- डॉ. ठाकुर पात्र डॉ. भटनागर
एमवायअस्पताल अधीक्षक पद को लेकर शुक्रवार को नया पेच गया। डॉ. पी.एस. ठाकुर अवकाश पर हैं और नवनियुक्त अधीक्षक डॉ. ए.डी. भटनागर ने ज्वाइन नहीं किया। इसी बीच मेडिसिन विभाग के स्थानांतरित एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अरुण विश्नार ने स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्र से फैसले पर फिर से विचार करने के लिए चिट्ठी लिख दी। खुद को अधीक्षक बनाने की दावेदारी करते हुए उन्हाेंने लिखा है कि जिम्मेदारों ने जिन्हें अधीक्षक बनाया है, वे उनसे जूनियर हैं और तय योग्यता पर खरा भी नहीं उतरते।
हाल ही में अधीक्षक पद को लेकर मचे घमासान के बाद डॉ. विश्नार ने विभागीय मंत्री को पत्र लिखा है। इसमें इस पर आपत्ति ली है कि डॉ. भटनागर उनसे जूनियर हैं। एमसीआई के नियमों के तहत यह प्रशासनिक पद है और इसके लिए मात्र प्रोफेसर रैंक के व्यक्ति को ही नियुक्त किया जा सकता है। एसोसिएट प्रोफेसर के लिए भी कम से कम 10 साल का अनुभव जरूरी है, जबकि डॉ. भटनागर इन योग्यताओं को पूरा नहीं करते हैं। उन्होंने इस फैसले पर सवाल खड़े करते हुए मंत्रालय से मामले की जांच की मांग की है। इसमें कहा गया है कि यह फैसला पूरी तरह अवैधानिक है। सूत्रों की मानें तो हर बार यही बताया जाता है कि शासन इच्छुक डॉक्टरों से आवेदन मांगता है लेकिन कोई तैयार नहीं होता, जबकि इस मामले में डॉ. विश्नार ने खुद मंशा जाहिर की है।
मंत्री ने भी की थी अनुशंसा
एमवायअस्पताल में कई साल तक एसोसिएट प्रोफेसर रहे डॉ. विश्नार हाल ही में सागर मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत हुए थे, लेकिन पारिवारिक कारणों के चलते उन्होंने ज्वाइन नहीं किया। इस बीच उन्होंने अधीक्षक बनने की मंशा भी जताई थी। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी डॉ. विश्नार को अधीक्षक बनाने के प्रस्ताव की अनुशंसा विभागीय मंत्री को पत्र लिख की थी। इसके बावजूद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
डॉ. अरुण विश्नार
अधीक्षक की कुर्सी का नया पेच