सफाई का प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंपा
इंदौर| शहरमें सफाई को लेकर हाई कोर्ट में लगी याचिका के बाद ट्रेंचिंग ग्राउंड पर हुई तीन दिन की ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट याचिकाकर्ता किशोर कोडवानी ने कलेक्टर को सौंप दी है। यहां जमे 21 लाख टन कचरे के निपटान के लिए जहां कोडवानी ने मांग की है वहीं यह भी लिखा है कि शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए अभी सिर्फ कचरे पर काम हो रहा है। शहर में लाखों टन मलबा है, जो वार्ड 65 की सफाई में भी सामने आया। यहां से 200 टन मलबा निकला था। अभी भी शहर में 11 प्रतिशत मलबा और 26 प्रतिशत प्लास्टिक और अन्य कारणों से गंदगी होती है। इस प्लास्टिक को बीनने वाले भी अपने काम की चीजें निकालकर बाकी छोड़ देते हैं। इससे भी कचरा व्यवस्थित नहीं रह पाता। ऐसे में इन बिंदुओं पर भी प्लानिंग जरूरी है। इसके अलावा शहर में आवारा पशुओं से होने वाली गंदगी भी बड़ी समस्या है। केवल कचरा पेटी के बाहर इनका जमावड़ा होता है, बल्कि पेटी में डाले हुए कचरे को भी ये बाहर फेंक देते हैं।