- Hindi News
- खुद की लापरवाही, फिर भी सिटी बस ड्राइवर चले गए हड़ताल पर
खुद की लापरवाही, फिर भी सिटी बस ड्राइवर चले गए हड़ताल पर
विजयनगर चौराहे पर एक सिटी बस ड्राइवर की लापरवाही से बॉम्बे हॉस्पिटल के डॉक्टर की मौत हो गई। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर कार्रवाई की तो इसके विरोध में बुधवार को सिटी बस के सभी ड्राइवर-कंडक्टर हड़ताल पर उतर गए। इसकी सूचना मिलने पर अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) के अधिकारियों ने उन्हें समझाया और करीब ढाई घंटे बाद हड़ताल खत्म हुई और बसों का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान आम यात्री बसों के लिए परेशान होते रहे।
उल्लेखनीय है सोमवार रात विजय नगर चौराहे पर एक अनियंत्रित सिटी बस ने वैन को टक्कर मारी थी, जिससे वैन ने स्टॉप लाइन पर खड़ी तीन बाइक को चपेट में ले लिया था। इसमें बाइक सवार बॉम्बे हॉस्पिटल के डॉ. चाणक्य विजयवर्गीय की मौत हो गई थी और दो लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद ड्राइवर कालूसिंह को विजय नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। ड्राइवर की जमानत होने और प्रबंधन द्वारा आगे उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाने के लिए सिटी बस के अन्य सभी ड्राइवर-कंडक्टरों ने सुबह वैलोसिटी डिपो पर हड़ताल कर दी। उनका कहना था कि प्रबंधन उसे जल्दी छुड़वाए और आगे नौकरी से निकालने जैसी कोई कार्रवाई करे। हड़ताल की सूचना पर प्रबंधन के अधिकारी यहां पहुंचे और उन्हें समझाया कि मामले में कानूनी कार्रवाई चल रही है, जिसमें उनका कोई दखल नहीं है और कार्रवाई के बाद ही आगे की बातें तय होंगी। प्रबंधन द्वारा समझाए जाने के बाद सभी काम पर लौट गए और करीब साढ़े नौ बजे से बसों का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान कुछ यूनियन नेता भी यहां पहुंचे। अधिकारियों ने बताया दबाव में काम नहीं किया जाएगा, अगर आगे ऐसी स्थिति बनती है तो प्रबंधन ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
सिटी बस डिपो में अफसरों की समझाइश के बाद माने ड्राइवर-कंडक्टर।