- Hindi News
- अकाउंटेंट की मौत, वीडियो में कहा दोस्त ने पिलाई शराब
अकाउंटेंट की मौत, वीडियो में कहा दोस्त ने पिलाई शराब
शराबठेकेदार के अकाउंटेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका मोबाइल से बनाया वीडियो जारी हुआ है, जो उसके दोस्तों तक पहुंचा। उसमें उसने एक दोस्त पर शराब पिलाने और उससे तबीयत बिगड़ने का आरोप लगाया है। हालांकि तेजाजी नगर पुलिस ने वीडियो मिलने की बात से इनकार किया है।
पुलिस के अनुसार मृतक 38 वर्षीय अरविंद पिता शंकरलाल रजक था। 3 फरवरी को उसका जन्मदिन था। इसकी पार्टी मनाने के लिए वह गुरुवार को दोस्त जितेंद्र चौहान और दिनेश जैन के साथ कार से भंवरकुआं पहुंचे। वहां कार में ही शराब पी। फिर तीनों ढाबे पर गए और नॉनवेज खरीदा। फिर वह चंदन नगर पहुंचे और वहां भी शराब पी। इसके बाद लिंबोदी क्षेत्र में एक ढाबे पर खाना खाने रुके। वहां अरविंद ने सिर्फ नींबू पानी पीया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो लिंबोदी निवासी सतेंद्र उसे गुर्जर अस्पताल ले गया। वहां शुक्रवार दोपहर अरविंद की मौत हो गई। भंवरकुआं पुलिस ने घटना स्थल तेजाजी नगर का बताकर वहां की पुलिस को सूचित किया। तेजाजी नगर पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर एमवायएच में पोस्टमॉर्टम करवाया और मृतक का विसरा दिल सुरक्षित रखवाया।
पुलिस गैस्ट्रिक अटैक से मौत होना बता रही है। वहीं, परिजनों को इस पर शक है।
वीडियो में यह कहा-
भास्कर ने वीडियो देखा, जिसमें अरविंद कह रहा है कि जीतू ने मुझे कोई दारू पिलाई। उससे मेरी हालत खराब हो रही है। उल्टियां हुईं। मुझे कुछ समझ नहीं रहा है। मेरे हाथ-पैर सुन्न पड़ रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि वीडियो अरविंद ने अपने मोबाइल से बनाया है। जांच अधिकारी आरएस तिवारी ने बताया कि वीडियो की जांच की जाएगी।