अस्पताल से घर जाते ही मौत
इंदौर | एमवायअस्पताल की नर्स के 22 वर्षीय बेटे को घबराहट होने पर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसे ठीक बताकर घर भेज दिया। वहां दोबारा तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। सेंट्रल कोतवाली पुलिस के मुताबिक, दीना पति दीपक मोटवानी निवासी एमटीएच कम्पाउंड के बेटे अमन को शुक्रवार रात घबराहट हुई। परिजन उसे एमवाय लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सभी प्रकार के टेस्ट करवाए, लेकिन कुछ नहीं निकला।
इसके बाद परिजन अमन को घर ले गए। रात 11.30 बजे फिर उसकी तबीयत बिगड़ी और उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे अस्पताल लाने लगे, लेकिन रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया अमन को अस्थमा की बीमारी थी। माना जा रहा है कि उसी के अटैक के कारण मौत हुई। इसकी पुष्टि पीएम रिपोर्ट में हो सकेगी।