पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तेंदुए के सीसीटीवी फुटेज देहरादून भेजे

तेंदुए के सीसीटीवी फुटेज देहरादून भेजे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रेडियोकॉलोनी में दिखा तेंदुआ शहर के किसी अन्य हिस्से में नहीं होने की औपचारिक घोषणा वन विभाग एक-दो दिन में कर सकता है। इधर, नगर निगम के प्रोटोकॉल अफसर अशोक राठौर के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज जांच के लिए नेशनल वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया में भेजे हैं। कुछ वन्य प्राणी विशेषज्ञों को भी फुटेज दिखाकर मदद ली जा रही है कि तेंदुआ है या कुछ और।

सोमवार को वन विभाग की टीम ने खानापूर्ति के लिए रेडियो कॉलोनी, रेसीडेंसी एरिया, जू के पास का नाला, जिमखाना क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी का एक भी प्रमाण नहीं मिला। दिनभर में कहीं से ऐसी सूचना भी नहीं आई कि तेंदुआ देखा गया है। रविवार रात वन संरक्षक एके जोशी, एसडीओ आरएन सक्सेना और जू प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने वन विभाग के सभाकक्ष में बड़ी स्क्रीन पर फुटेज बार-बार देखे। अधिकारी यह देखना चाहते थे कि वास्तव में तेंदुआ है या नहीं। कैमरे में दिखे जानवर की चहलकदमी तेंदुए की ही नजर आई। इसकी पुष्टि करने के लिए फुटेज देहरादून भेजे। वन संरक्षक के मुताबिक एक-दो दिन में रिपोर्ट जाएगी। मंगलवार को एक बार और सर्च की जाएगी। कोई प्रमाण नहीं मिला तो घोषणा कर दी जाएगी कि तेंदुआ शहर में नहीं है। गौरतलब है कि कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने वन संरक्षक की रिपोर्ट के आधार पर पहले ही दावा कर दिया था कि तेंदुआ शहर में नहीं है, लोगों को डरने की जरूरत नहीं।