पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एक फ्लैट में धमाके के बाद लगी आग, गैस से ब्लास्ट होने की आशंका

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. साकेत नगर की एक बिल्डिंग में बुधवार रात एक फ्लैट में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। बिल्डिंग में रह रहे 7 परिवार जैसे-तैसे जान बचाकर निकले। धमाका जिस कमरे में हुआ उसमें सबकुछ जल गया। आग कैसे लगी इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका। फायर ब्रिगेड का अनुमान है कि एसी की गैस के कारण प्रेशर बना और शार्ट सर्किट होने से ब्लास्ट हुआ।

घटना रात करीब 9.30 बजे साकेत नगर स्थित रामायण अपार्टमेंट के फ्लैट नं. 201 में हुई। यहां पर इवेंट कंपनी की एंकर अन्वेषी जैन और पीथमपुर की कंपनी में कार्यरत प्रज्ञा रहती हैं। उनके फ्लैट के सामने रहने वाले जुनेजा दंपती ने बताया जोरदार धमाके की आवाज से बाहर आए तो फ्लैट के गेट से धुआं निकलता नजर आया।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और गेट तोड़ा तो पता चला अंदर के एसी वाले कमरे में आग लगी थी। डेढ़ टैंकर पानी से आग पर काबू पाया गया। आग की दहशत से बिल्डिंग के 7 परिवारों के 14-15 लोग बाहर निकल आए। सभी के कमरों में पानी भर गया।

दीवारों का प्लास्टर उखड़ा
फायर ब्रिगेड के एसआई शिवनारायण शर्मा ने बताया घटनास्थल की जांच से लग रहा है कि संभवत: कमरे का एसी चालू था। कमरे में कोई और वेंटिलेशन नहीं होने से गैस बनी और शॉर्ट सर्किट से ब्लास्ट हो गया। इसी से आग लगी। एसी का अगला हिस्सा भी टूटा हुआ मिला है। एसी खिड़की में लगा था।