बदनावर. ग्राम पंचायत करणपुरा के मजरे नाहरखेड़ा में शनिवार को पति-पत्नी की पिटाई कर निर्वस्त्र गांव में घुमाया गया। दोनों ने पिछले महीने ही प्रेम विवाह किया था। इससे नाराज महिला के पूर्व पति ने यह करतूत की।
जानकारी के अनुसार पूर्व सरपंच पूंजा नरसिंह गामड़ (50) ने 40 वर्षीय महिला से एक माह पूर्व प्रेम विवाह किया था। दोनों खेत स्थित मकान में रह रहे थे। शनिवार सुबह महिला का पूर्व पति प्रमोद मांगू अपने साथियों के साथ पहुंचा और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी।
उसने घर में रखे 50 हजार रुपए भी झपट लिए। बाद में पूंजा और उसकी पत्नी के कपड़े उतार दिए और खेत से गांव तक ले आए। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया।
महिला को कपड़े पहनाए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। प्रमोद मांगू, गंभीर सूरजी, मुरली लाला एवं नाथू दल्लू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।