इंदौर. हाउस बोट पर ठहरने के लिए अब पर्यटकों को
कश्मीर और केरल नहीं जाना होगा। इंदौर संभाग में ही इंदिरा सागर बांध के समीप हनुमंतिया गांव में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम हाउस बोट सहित क्रूज, कॉटेज व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाते हुए नया पर्यटन स्थल विकसित कर रहा है।
इसी तरह ओंकारेश्वर के पास सैलानी आईलैंड पर स्कीप रिसॉर्ट तैयार किया जाएगा। पर्यटन निगम छह माह में इंदौर संभाग में ये दोनों नए पर्यटन स्थल विकसित करते हुए पर्यटकों के लिए खोल देगा।
निगम इन दोनों स्थानों पर पर्यटन केंद्र विकसित करने के लिए 30.5 करोड़ से ज्यादा राशि खर्च करेगा। पर्यटन निगम इंदौर के जीएम एम.एन. जमाली ने बताया इस योजना के लिए हाल ही में उन्होंने पर्यटन निगम के एमडी अश्विनी लोहाणी के साथ दोनों जगह का दौरा किया और वहां कार्य भी शुरू किया जा चुका है।
उन्होंने बताया हनुमंतिया का प्रोजेक्ट प्रदेश का पहला ऐसा प्रोजेक्ट होगा जहां हाउस बोट में ठहरने की सुविधा होगी। ये हाउस बोट पानी पर तैरेंगे भी। इस प्रोजेक्ट पर 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
वहीं सैलानी आईलैंड को स्कीप रिसोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पर्यटक वाटर स्किपिंग और सर्फिंग का आनंद ले सकेंगे। इस प्रोजेक्ट पर 10.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इन दोनों ही स्थानों पर होटल भी होंगे और इंदौर की तरह क्रूज, वाटर स्कूटर, जलपरी और पैडल बोट भी होंगे।
ऐसे होंगे शिकारे
इंदिरा सागर परियोजना में कश्मीर की डल झील के शिकारे की शक्ल में बोट सजाए जाएंगे। पर्यटन को बढ़ाने के लिए निगम इसके निर्माण के साथ पूरे प्रदेश में प्रचार-प्रसार भी करेगा। निगम का कहना है कि मध्य क्षेत्र में यह एक बेहतर पर्यटन स्थल रूप लेगा।
पर्यटन निगम ने शुरू किया प्रिविलेज कार्ड
जमाली ने बताया पर्यटन निगम ने हाल ही में प्रिविलेज कार्ड की सुविधा भी शुरू की है। इसे पांच हजार रुपए देकर लिया जा सकता है, ये दो साल के लिए वैध होगा। इससे पर्यटन निगम के प्रदेश के किसी भी रिसोर्ट या होटल में कार्डधारक एक रात के लिए रुक सकता है, साथ ही दो साल के दौरान निगम के सभी होटल-रिसोर्ट में ठहरने या खाने पर 20 प्रतिशत का डिस्काउंट भी दिया जाएगा।