पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Broken After The Death Of Her Fellow Students Patience

बच्ची की मौत के बाद साथी छात्राओं का टूटा सब्र, बताई अधीक्षिका की हकीकत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धार. धार के अंग्रेजी माध्यम अजा कन्या छात्रावास में सात साल की मासूम प्रवीणा की मौत ने साथी छात्राओं का सब्र तोड़ दिया। उन्होंने बुधवार शाम को परिसर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर हंगामा किया।
तमाम अधिकारी पहुंचे, जिनसे छात्राएं बोलीं कि आपने 24 घंटे बाद भी छात्रावास अधीक्षिका रश्मि तिवारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। अधिकारियों ने करीब एक घंटे मनुहार की, इसके बाद छात्राओं ने गेट खोला।
प्रवीणा के साथ कमरे में रहने वाली दूसरी कक्षा की छात्रा मनीषा चौहान ने बताया प्रवीणा को उल्टी हो रही थी, हमने मेडम का दरवाजा खटखटाया वो नहीं उठी। उसने बताया कई बार मेडम हमें सुबह का बासी खाना शाम को खिलाती थी।
मनीषा व अन्य छात्राओं ने बताया मेडम हमसे अपने बालों की जूं बिनवाती थी। शीतल से उनके कमरे में पोंछा लगवाती थी। कपड़े-बर्तन भी धुलवाती थी। (छात्रा शीतल को वायरल फीवर होने से जिला अस्पताल में मंगलवार रात भर्ती करवाया गया है।) पूर्व में अधीक्षिका कमला नेहरू छात्रावास की अधीक्षिका थी, वहां की छात्राओं के भी बयान लिए गए हैं।
परिसर में छह अलग-अलग कन्या छात्रावास हैं, वहां की छात्राओं ने भी अधीक्षिका की करतूतें लिखवाई। रात 9 बजे सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, बीईओ, उत्कृष्ट विद्यालय के दो शिक्षक छात्राओं के बयान लिखते रहे। छात्राओं ने बताया जब भी कोई बड़े साहब आते तो अधीक्षिका चादरें बदलवा देती थीं। मम्मी-पापा के आने के पहले बोलतीं कि उन्हें बताया तो निकाल दूंगी।
स्लाइड में नेगेटिव, कीट में मलेरिया पॉजीटिव : प्रवीणा के ब्लड सेंपल की रिपोर्ट में स्लाइड तो मलेरिया नेगेटिव आई, लेकिन कीट में जो सेंपल लिया था, वह मलेरिया पॉजीटिव था। रिपोर्ट आने पर बुधवार को मलेरिया विभाग ने होस्टल में सर्वे कर 16 स्लाइड बनाई, जो नेगेटिव आई।
छात्रावास अधीक्षकों की बैठक लेकर नए सिरे से व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
विद्यार्थियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हो। सीएमएचओ से बात की है। डॉक्टरों की उपलब्धता के आधार चार्ट बनाकर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाएगा।’
-नीलेश रघुवंशी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग धार