पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Commissioners Were Absent Guard Gate Czech

एमवाय अस्पताल में गार्ड नदारद कमिश्नर चेक करने लगे गेट पास

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. संभागायुक्त गुरुवार को एमवाय अस्पताल पहुंचे तो उन्हें अव्यवस्था मिली। पुरानी बिल्डिंग में सिक्युरिटी गार्ड नदारद था। पास सिस्टम होने के बावजूद लोग बगैर पास के अंदर जा रहे थे। इस पर संभागायुक्त ने उन्हें रोका और गेट पास जांचने लगे।
प्रोजेक्ट कायाकल्प के तहत अस्पताल की नई ओपीडी बिल्डिंग में रेडियो डायग्नोस्टिक सेंटर बनाया जा रहा है। इसके लिए बेंगलुरू से पौने दो करोड़ रुपए में दो मशीनें खरीदी गई हैं। इसकी तैयारियां देखने के लिए संभागायुक्त संजय दुबे दोपहर 12 बजे वहां गए। जब वह अधीक्षक कार्यालय पहुंचे तो बरामदे में परिजन की भीड़ देख नाराज हुए। गार्ड नजर नहीं आया। इस पर वह गेट पास चेक करने लगे।
लोगों से पूछा कि कहां और किससे मिलने जा रहे हो? उन्होंने अधीक्षक डॉ. एडी भटनागर को बुलवाया और पूछा यह सब क्या हो रहा है? गेट पर चेकिंग क्यों नहीं की जा रही है? इस बीच, खबर मिलते ही गार्ड वहां पहुंचा तो संभागायुक्त ने फटकार लगाते हुए कहा कि ईमानदारी से काम करो।
गाड़ी अंदर मिले तो टायर की हवा निकाल दो
अस्पताल के मेन गेट पर ताला लगा है, लेकिन लोग अब भी वहीं बैठकर खाना खाते हैं। संभागायुक्त यह देखकर नाराज हुए और लोगों को समझाया कि यहां खाना नहीं खाएं। इस दौरान प्राइवेट एम्बुलेंस के ड्राइवर उनसे मिले और कहा कि हम रियायती दरों पर मरीजों को यह सुविधा दे रहे हैं। इसलिए हमें गाड़ी अस्पताल परिसर में खड़ी करने की इजाजत दें।
संभागायुक्त ने कहा आप लोग निजी अस्पताल में गाड़ी खड़ी करें या बाहर अन्य कोई जगह, लेकिन अस्पताल परिसर में नहीं। हमें निजी एम्बुलेंस की जरूरत नहीं। उन्होंने अधीक्षक को निर्देश दिए कि कोई यहां गाड़ी खड़ी करे तो टायर की हवा निकाल दो। बाद में गाड़ियां वहां से हटा ली गईं।
अधीक्षक के बंगले का भी निरीक्षण किया
संभागायुक्त ने अस्पताल परिसर में अधीक्षक के बंगले की जमीन पर हो रहा निर्माण कार्य बंद करने के लिए कहा। यह बंगला हाई कोर्ट को आवंटित किया गया था। इसके बाद वहां निर्माण शुरू करवा दिया था। संभागायुक्त ने वहां का जायजा भी लिया।