पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

युवक का आरोप- क्राइम ब्रांच ने इतना मारा कि अपंग हो गया हूं

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. साहब, मैं खिलौने बेचकर परिवार को पालता हूं। 2 जनवरी को क्राइम ब्रांच के सिपाहियों की बाइक से मेरी बाइक क्या टकराई, वे मुझे जानवरों की तरह पकड़कर ले गए। मुझे बहुत मारा। डीएसपी साहब मेरे पैर पर चढ़ गए। पीटने से दिल नहीं भरा तो मुझे वाहन चोरी के झूठे केस में फंसा दिया। मेरा एक पैर खराब हो चुका है। मुझे न्याय चाहिए।

यह गुहार अकरम शाह निवासी कटकटपुरा ने गुरुवार को आईजी विपिन माहेश्वरी से लगाई। वे मां, पत्नी और बच्चों को लेकर पहुंचे थे। अपनी पीड़ा सुनाते हुए वे रो पड़े। उन्होंने कहा सैफी होटल चौराहे पर मेरी बाइक क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल रज्जाक खान और वीरेंद्रसिंह तोमर की बाइक से टकरा गई। कांस्टेबल सिविल ड्रेस में थे तो मुझे पता नहीं चला। हम दोनों में विवाद हो गया। इस पर उन्होंने कॉल कर साथी गोविंद, धर्मेंद्र और दीपक को बुलाया। पांचों मुझे उठाकर क्राइम ब्रांच ले गए। अगले दिन मुझे गाड़ी में बैठाकर मेरे घर पहुंचे। छह दिन तक क्राइम ब्रांच के कमरे में बंधक बनाकर रखा। वे मुझे डंडों से मारते थे। डीएसपी सलीम खान मेरे पैर पर चढ़ गए और कूदने लगे, जिससे कमर और पैर की हड्डी दब गई। मेरा एक पैर खराब हो गया। 7 जनवरी को मुझे राजेंद्र नगर थाने ले गए और चोरी की गाड़ी का झूठा केस दर्ज कर दिया। पुलिस मुझे कोर्ट ले गई। वहां से जेल भेज दिया। परिवार से कोर्ट में मिल पाया। जमानत पर छूटा हूं।

झूठ बोलकर भगाया

॥छोटे भाई आजम ने कहा जब अकरम घर नहीं लौटा तो हमें लगा वह नार्थ तोड़ा वाले घर पर होगा। अगले दिन क्राइम ब्रांच वाले उसे जांच के लिए घर लाए तो दोस्त ने अकरम को देख लिया। पता लगने पर हम क्राइम ब्रांच पहुंचे। वहां से झूठ बोलकर भगा दिया। भाई से हम कोर्ट में ही मिले।

पैर पहले से खराब है

॥अकरम झूठा आरोप लगा रहा है। उसे 7 जनवरी को नार्थ तोड़ा से पकड़ा था, उसने राजेंद्र नगर में बाइक चुराई थी। उसके दो साथी भी थे। उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं, उसकी जानकारी निकाली जा रहा है। उसका पैर पहले से खराब है।
- सलीम खान, डीएसपी क्राइम ब्रांच

मेडिकल जांच कराएंगे
॥अकरम के मामले की जांच एसपी हेड क्वॉर्टर को सौंपी है। डीएसपी का कहना है कि उसका पैर पहले से खराब है। हम मेडिकल जांच करवाएंगे जिसमें पता चल जाएगा कि पैर कब खराब हुआ। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- विपिन माहेश्वरी, आईजी