पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मनचलों के डर से पुलिस को नहीं करतीं शिकायत, छात्राओं ने बताई आपबीती

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर. छात्राओं को पुलिस पर भरोसा नहीं। वे रास्ता बदल लेती हैं या स्कूल छोड़ देती हैं लेकिन छेड़छाड़ की शिकायत करने से बचती हैं। यह चौंकाने वाली बात छात्राओं ने खुद भास्कर को वाट्स-एप और कॉल कर बताई। छेड़छाड़ करने वालों में वैन चालक, रिक्शा चालक और स्कूली छात्र तक शामिल हैं।
इन इलाकों में होती है छेड़छाड़- भास्कर के नंबर पर शनिवार को 29 छात्राओं ने कॉल कर छेड़छाड़ की शिकायत की। उन्होंने बताया सबसे ज्यादा परेशानी ऑटो रिक्शा और वैन चालकों से है। वे अश्लील फब्तियां कसते हैं। चंदन नगर, पलासिया, सेंट्रल कोतवाली और भंवरकुआं क्षेत्र से छात्राओं ने कॉल किए। उन्होंने बताया लड़के छुट्टी के समय स्कूल व कॉलेजों के बाहर आकर खड़े हो जाते हैं।
मुझे भाभी बोलते हैं रिक्शा वाले
तिलक नगर के पास की कॉलोनी में रहने वाली 12वीं की छात्रा ने बताया वह रिक्शा चालकों से परेशान है। वह जब भी सड़क से जाती है कॉलोनी में खड़े रिक्शा चालक उसे भाभी कहकर कमेंट करते हैं। कुछ आकर फोटो खिंचवाने लगते हैं। शुक्रवार को एक दोस्त छोड़ने आया तो उसे रोककर पीट दिया। छात्र और छात्रा इस डर से रिपोर्ट नहीं कर रहे हैं कि कुछ दिन में बदमाश छूटकर आ जाएंगे और फिर परेशान करेंगे।
स्कूल छूटने के वक्त लड़कों का जमघट
एक युवती ने बताया संविद नगर में यूको बैंक वाली गली में स्कूल छूटने के बाद लड़के खड़े हो जाते हैं। आने-जाने वाली छात्राओं पर कमेंट करते हैं। उनसे बचने के लिए लड़कियां अपने पालकों को बुला लेती हैं। पुलिस के जनसंवाद में भी कुछ रहवासियों ने शिकायत की थी।