इंदौर. आए दिन होने वाले ननद-भाभी के झगड़े ने मंगलवार को ऐसा मोड़ लिया कि एक एएसपी, सीएसपी, चार थानों के टीआई और एक विधायक, अन्य नेता और समाज के लोग पांच घंटे तक जूझते रहे। आखिर में कोई निष्कर्ष नहीं निकला और दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर मामले को जांच में डाल दिया गया।
मामले की शुरुआत गुरुनानक कॉलोनी से लगे बारामत्था इलाके से शुरू हुआ। यहां रहने वाली इंद्रा तोमर राष्ट्रीय सिख संगत के महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं। संगत के अध्यक्ष निर्मलजीत सिंह खनूजा का पार्टी के कामकाज के चलते उनके यहां आना-जाना रहता है। इंद्रा का विवाद ननद निशा तोमर, पद्मा सिसौदिया, सरिता सेंगर, संध्या चौहान व सास-ससुर से कई दिनों से चल रहा है।
मंगलवार दोपहर दोनों पक्ष अन्नपूर्णा थाने पहुंचे और यहां नया बवाल खड़ा हो गया। इंद्रा तोमर ने बताया उनके पति की पुश्तैनी जमीन पर कई दिनों से कार खड़ी है। मंगलवार को मैकेनिक कार में बैटरी लगाने गया तो ससुर बद्री सिंह तोमर डंडा लेकर उसे मारने दौड़े। इस बीच निर्मलजीत सिंह का आना हुआ। विवाद बढ़ा और वे थाने पहुंच गए।
मशक्कत : पांच घंटे तक समझाते रहे अधिकारी
एएसपी विनय प्रकाश पॉल, सीएसपी आरएस घुरैया, टीआई चंदन नगर विनोद दीक्षित, सदर बाजार एसएस यादव, राजेंद्र नगर कमलेश शर्मा भी पहुंच गए। पांच घेटे तक उन्हें समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन वे नहीं माने। शाम सात बजे तय हुआ दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज की जाए।
आरोप : टीआई के इशारे पर महिलाओं ने पीटा
निर्मलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि वे थाने पहुंचे तो टीआई के इशारे पर महिलाओं ने थाने में ही उनकी पिटाई शुरू कर दी। निर्मल के बेटे ऋषि सलूजा भाजयुमो में कार्यालय मंत्री हैं। वह सोनकच्छ विधायक राजेंद्र वर्मा व समाज के लोगों को लेकर थाने पहुंच गए।
जवाब : पिता पर हमला किया तो हमने भी मारा
निशा ने बताया पिता की जमीन पर निर्मलजीत कब्जा करना चाहता है। इंद्रा उनका साथ दे रही है। मंगलवार को निर्मलजीत ने अपने साथियों को साथ मिलकर पिता से झगड़ा किया और थाने पहंच गया। थाने में उसने पिता पर हमला किया तो हमने उसकी पिटाई कर दी।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें....