पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. नकली पुलिस बनकर वारदात करने वाली ईरानी गैंग ने गुरुवार को एमआईजी और पलासिया थाना क्षेत्र में दो महिलाओं से ठगी की। बदमाशों ने एक ही तरीके से दोनों महिलाओं से गहने उतरवाए और फरार हो गए। 65 वर्षीय हीरामणि पति मोहनलाल जैन निवासी एचआईजी कॉलोनी सुबह 8.30 बजे पैदल एलआईजी गुरुद्वारे के पास स्थित जैन मंदिर जा रही थीं। रास्ते में उन्हें एक युवक ने आवाज दी कि हेड साहब बुला रहे हैं। थोड़ी दूरी पर गाड़ी लेकर मोटा व्यक्ति खड़ा था। हीरामणि उसके पास गईं तो वह बोला माताजी आगे वारदात हो गई है। आप सोने के गहने झोले में रख लो। तभी वहां साइकिल वाला निकला। उसने सोने की मोटी चेन पहनी थी। बदमाशों ने उससे भी चेन उतरवाकर रखने को कहा। इसके बाद हीरामणि ने ढाई तोले सोने की चेन, अंगूठी, चूड़ी और ऑर्टिफिशियल चूडिय़ां उतार दीं, जिन्हें बदमाशों ने बैग में डाल दिया। मंदिर पहुंचकर हीरामणि ने बैग देखा तो सिर्फ ऑर्टिफिशियल चूडिय़ां मिलीं। घर पहुंचने के बाद थाने में सूचना दी।
गहने नहीं उतारे तो लगेगा पांच हजार का जुर्माना
उधर, मोनेशदेवी (58) पति विजयपालसिंह निवासी श्रीनगर एक्सटेंशन ने बताया वे पोती इशिता को स्कूल छोड़कर करीब नौ बजे पैदल घर लौट रही थीं। आनंद बाजार रोड पर इंद्रलोक कॉलोनी के सामने पीछे से एक युवक आया। उसने दूसरे युवक की तरफ इशारा कर कहा वे आपको बुला रहे हैं। मोनेशदेवी उसके पास गईं तो उक्त व्यक्ति ने कहा हम पुलिसवाले हैं। आगे मार-काट हो चुकी है। आप सोने के गहने उतारकर शॉल में रख लो। इसी दौरान वहां से भी एक युवक गुजरा, जिसे बदमाशों ने सोने की चेन उतरवाकर जेब में रखने का कहा। मोनेशदेवी ने कहा घर जाकर गहने उतार लूंगी तो वे बोले गहने नहीं उतारे तो पांच हजार रु. जुर्माना लगेगा। इस पर मोनेशदेवी ने सोने की 58 ग्राम की चूडिय़ों के साथ कांच की चूडिय़ां भी उतार दीं। एक बदमाश ने चूडिय़ां शॉल में बांधीं और चले गए। कुछ कदम चलकर मोनेशदेवी ने शॉल की गांठ खोली तो सिर्फ कांच की चूडिय़ां मिलीं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.