पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

5 साल के बच्चे के सामने पिता की मौत, मासूम बोला- पापा को कपड़े में छिपाकर लाए हैं

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. घर में एक्सटेंशन बोर्ड सुधार रहे स्कूली बस चालक की करंट लगने से मौत हो गई। इस दौरान उनका पांच साल का बेटा पास ही बैठा था। आजाद नगर पुलिस के अनुसार 50 वर्षीय मो. रफीक निवासी आजाद नगर घर में एक्सटेंशन बोर्ड सुधार रहे थे। इस दौरान पिन बिजली बोर्ड में लगी थी और स्विच चालू था। पांच साल का बेटा सुफियान पास बैठा खेल रहा था और पत्नी नफीसा बाथरूम में थी। डेढ़ साल का छोटा बेटा अंदर के कमरे में था। अचानक करंट लगने से रफीक गिर पड़े। आवाज सुन पत्नी नफीसा बाहर आई और आसपास के लोगों की मदद से एमवाय ले गई, जहां उनकी मौत हो गई। सोमवार को पीएम किया गया। पड़ोसी मो. जुबेर ने बताया मो. रफीक गुजराती स्कूल में बस ड्राइवर थे। उनकी दूसरी शादी हुई थी।

मासूम बोला- पापा को कपड़े में छिपाकर लाए हैं

नन्हा सुफियान घर के बाहर बैठा हर आने-जाने वाले को बोल रहा था पिता का इंतकाल हो गया। हालांकि उसे इंतकाल का मतलब भी नहीं पता था। बकौल सुफियान- पापा बोर्ड सुधार रहे थे। मैं पास में बैठा था। पिता को करंट लग गया। वे चिल्लाए और गिर पड़े। अम्मी बाथरूम से भागते हुए आई और पापा को उठाने लगी, लेकिन पापा नहीं उठे। पापा कुछ नहीं बोल रहे थे। चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोग आ गए और पापा को अस्पताल ले गए। पापा को कार से कपड़े में छिपाकर लाए हैं। उनका इंतकाल हो गया।