इंदौर. जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नकली पुलिस अधिकारी बनकर दो बदमाशों ने एक महिला को लूट लिया। उन्होंने इस बार एक अफसर के यहां बड़ी चोरी का डर दिखाकर वारदात की। वारदात सिंधु नगर में रहने वाली 57 वर्षीय सरोजनी पति सरचंद लखवानी के साथ हुई। वे सोमवार सुबह 9.45 बजे पैदल सब्जी लेने जा रही थीं।
बैराठी कॉलोनी में उन्हें दो युवकों ने रोका और कहा आगे एक बड़े पुलिस अफसर के यहां चोरी हो गई है। उनके यहां से लाखों का माल गया है और पुलिस सभी चौराहों पर चेकिंग कर रही है। यहां से किसी को भी जेवर पहनकर जाने की अनुमति नहीं है। तुम भी अपने गहने उतार दो। बदमाशों ने सरोज से चार चूड़ियां व दो अंगूठी सहित तीन तौला सोने के गहने उतरवा लिए।
उन्होंने गहने एक पुड़िया में लपेटे और सरोजनी को दे दिए। उन्हें कहा यह पुड़िया घर जाकर खोलना। कुछ दूर जाकर उन्होंने कागज की पुड़िया खोली तो उसमें एक प्लास्टिक का कड़ा मिला।