इंदौर. शहर में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें से निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे हेमोरेजिक डेंगू पीड़ित की मौत भी हो गई। यह वह अधिकारिक आंकड़ा है, जो एमजीएम मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एलाइजा जांच में सामने आया है। इस माह अभी तक सात मरीजों में बीमारी की पुष्टि हो चुकी है।
नेताजी सुभाष मार्ग स्थित 21 साल के युवक की रविवार रात को मौत हो गई। उसे 5 सितंबर को ग्रेटर कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन दो दिन में ही वह हेमोरेजिक फीवर की स्थिति में पहुंच गया था।
उसे करीब 30 से 35 यूनिट प्लेटलेट्स लगाना पड़े। आईडीएसपी प्रभारी डॉ. जी.एल. सोढ़ी ने बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से सोमवार देर शाम रिपोर्ट मिली, जिसमें बीमारी की पुष्टि हुई। चार मरीजों को 13 सितंबर को ही डिस्चार्ज कर दिया गया था।
शरीर पर इस तरह अटैक करता है डेंगू
अगर डेंगू के वायरस वाले एक से ज्यादा मच्छर ने काटा हो तो ब्लड क्लॉट सिस्टम नष्ट हो जाता है। इसके कारण कई बार शरीर के विभिन्न हिस्सों से खून निकलने लगता है। शरीर में प्लेटलेट्स की कमी हो जाती है। इसकी वजह से अतिरिक्त प्लेटलेट्स देना पड़ जाते हैं। मरीज हेमोरेजिक डेंगू फीवर की स्थिति में पहुंच जाता है।
> मच्छर काटने के दो से तीन दिन बाद इसका असर दिखता है। पीड़ित को पहले बुखार आता है।
> शरीर पर लाल रेशे भी बनने लगते हैं।
> इसके बाद सिरदर्द और आंखों के पीछे के हिस्से में दर्द शुरू होता है।
> धीरे-धीरे दर्द बढ़ता हुआ हाथ-पैर, कमर, पीठ व जोड़ों तक पहुंच जाता है।
कहां-कहां के मरीज
जूना रिसाला निवासी आठ साल के बच्चे को सात सितंबर को भर्ती किया गया था। जूनी इंदौर में आलापुरा का 27 साल का युवक इसकी चपेट में आया। क्लॉथ मार्केट अस्पताल में इलाज चला। मनीषपुरी निवासी 65 साल की महिला की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई। बाबू घनश्यामदास नगर निवासी 10 साल के बच्चे में भी डेंगू पाया गया।
इन क्षेत्रों में खतरा
चंदन नगर, फूटी कोठी और जूनी इंदौर क्षेत्र के कई घरों में स्वास्थ्य विभाग को डेंगू का लार्वा मिला है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एम.सी. जिनवाल ने बताया कि नगीन नगर, चंदन नगर, फूटी कोठी, पालदा, जूनी इंदौर, जूना रिसाला, मालवीय नगर, परदेसीपुरा, मल्हारगंज क्षेत्र में लार्वा सर्वे करवाया है। हर मोहल्ले में डेंगू का लार्वा मिल रहा है। उसे नष्ट करवा रहे हैं।