पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. बुरहानपुर की एक महिला को फोन पर 25 लाख की लॉटरी खुलने का सब्जबाग दिखाकर 1 लाख 90 हजार रुपए ठगने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सायबर सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सतना के रहने वाले हैं। दोनों आरोपियों ने महिला को इसलिए टारगेट किया था, क्योंकि वह कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में सवालों के जवाब भेजती थी। इस मामले में सायबर सेल दो आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।
टीआई सुनीता कटारा ने बताया बीते दिनों बुरहानपुर की महिला नजमा फरहद ने शिकायत की थी कि उसे फोन पर 25 लाख की लॉटरी की जानकारी देकर कुछ आरोपियों ने अलग-अलग अकाउंट में रुपए जमा करवाए थे। जांच के बाद आरोपी छोटेलाल यादव और नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
आरोपियों ने अपने दो और साथी के नाम बताए थे। टीम ने दोनों की निशानदेही पर आरोपी विश्वनाथ सिंह पिता राम कुमार सिंह (24) ग्राम गाड़वा खुर्द (सतना) और छोटेलाल पिता मनसुखलाल प्रजापति (22) ग्राम मेहूती (सतना) को भी गिरफ्तार किया है।
आरोपी छोटेलाल से 25 हजार रुपए व 1 बैंक पासबुक और विश्वनाथ से एटीएम मिला है। दोनों आरोपी उमरिया पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्र हैं। आरोपियों ने बताया कि महिला को उनके साथियों ने इसलिए टारगेट किया था, क्योंकि वह कौन बनेगा करोड़पति के लिए आने वाले सवालों के जवाब में मैसेज भेजती रहती थी। उन्होंने महिला का नंबर पता कर लॉटरी का झूठ बोलकर रुपए ऐंठ लिए।
नामी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर छात्रों से ठगी करने वाले दो बदमाशों को सायबर सेल ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने एक इंजीनियर छात्र से जूनियर इंजीनियर के पद पर नौकरी देने के नाम पर 75 हजार रुपए ऐंठ लिए थे। सायबर सेल प्रभारी टीआई सुनीता कटारा ने बताया निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग कर रहे छात्र अंकित पिता रविशंकर खरे निवासी प्रतिभा अपार्टमेंट श्रीनगर ने शिकायत की थी।
छात्र ने बताया था कि उसे पीयूष पिता कैलाश सोलंकी (22) विज्ञान नगर और हर्ष पिता नरेंद्र जैन (24) सुदामानगर ने ब्रिजस्टोन कंपनी में जूनियर इंजीनियर के पद पर ढाई लाख रुपए प्रतिवर्ष के पैकेज पर नौकरी दिलाने का कहकर 75 हजार रुपए ले लिए। पीयूष सोलंकी और हर्ष जैन से उसकी मुलाकात दोस्त के माध्यम से हुई। पीयूष ने ब्रिजस्टोन कंपनी में सेटिंग का हवाला देकर बायोडाटा लिया था।
फिर कुछ दिनों बाद उसने 25 हजार रुपए नकद लिए व 50 हजार रुपए एक बैंक अकाउंट में जमा करने का कहा। बाद में कंपनी का एक ऑफर लेटर ई-मेल से भेजा और 30 जुलाई 2013 को इंटरव्यू की तरीख बताई। 30 जुलाई को जब अंकित ने पीयूष को फोन किए और जॉब के लिए पूछा तो वह बार-बार उसे इंटरव्यू आगे बढऩे का बोलकर बरगलाने लगा।
दिल्ली भी घुमा लाया- अंकित ने बताया 75 हजार रुपए देने के बाद पीयूष पर उसने दबाव बनाया तो वह कुछ और युवकों के साथ दिल्ली में इंटरव्यू के लिए ले गया। वहां एक होटल में ठहराकर हमें कुछ कंपनी वालों से मिलाया और पूछा कि जॉब इंदौर में करोगे या दिल्ली में। अंकित ने इंदौर का बोला तो वह सप्ताह भर में जॉब देने का बोलकर वापस ले आया। यहां आने के बाद से वह गायब हो गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.