इंदौर/धामनोद. 25 लाख रुपए के गहने देख इंदौर सराफा के कारीगर की नीयत बदल गई। धामनोद के दूधी में खुद के सिर पर पत्थर मारकर घायल किया और लूट की कहानी गढ़ दी। पुलिस ने जांच की तो शक उसी पर गया। पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। वह मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला है और जेवर लेकर वहीं भागने वाला था।
पीथमपुर सीएसपी विक्रमसिंह ने बताया, अब्दुल अजीज पिता अब्दुल जब्बार इंदौर में वर्षों से रह रहा है। पहले वह सराफा बाजार में सोने पर पॉलिश करता था, लेकिन एक साल से ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित घर में काम करने लगा। इस दौरान उसकी मुलाकात मुंबई के कोठारी ज्वेलर्स के मालिक से हुई। उनसे एक से दो किलो सोने का काम लिया। पॉलिश कर सोना लौटाया भी।
इस बीच, ज्वेलर्स ने उसे करीब 25 लाख रुपए का सोना दिया। इसे देख अब्दुल का मन पलट गया। 5 दिसंबर को वह दूधी गया। वहां एक होटल के पीछे पत्थर से अपना सिर फोड़कर बेहोशी का नाटक किया। होटल मैनेजर ने उसके
मोबाइल से लास्ट कॉलिंग नंबर पर संपर्क किया।
यह नंबर उसकी पत्नी सोफिया का था। पत्नी ने पड़ोस के इंजीनियर परिवार को घटना बताई।
उन्होंने धामनोद के पास रहने वाले रिश्तेदार को कॉल कर उन्हें दूधी भेजा। उन्होंने अब्दुल को धामनोद में नर्सिंग होम में भर्ती करवाया, जहां उसने कहा वह गिर गया था।
बाद में परिजन वहां पहुंचे और उसे बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर आए। लसूड़िया थाने में सूचना दी कि वह मुंबई के ज्वेलर्स को सोना देने जा रहा था। दूधी में दो व्यक्तियों ने उसे घायल कर लूट लिया।
हॉस्पिटल में दो घंटे रोके रखा
सूचना मिलने पर सीएसपी, धामनोद थाना प्रभारी जीपी दुबे, एसआई विजय वास्कले, एसएस परिहार, अश्विन चतुर्वेदी बताए गए घटना स्थल पर पहुंचे, लेकिन वहां सुराग नहीं मिला। इस बीच पता चला अब्दुल पर 2012 में सदर बाजार थाने में एक किलो सोने की धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था।
इंदौर में रह चुके एसआई परिहार ने बॉम्बे हॉस्पिटल के गार्ड से अब्दुल पर नजर रखवाई। उसने बताया अब्दुल डिस्चार्ज होकर घर जाने वाला है। पुलिस के कहने पर उसे फाइल के बहाने दो घंटे रोके रखा। तब तक परिहार वहां पहुंचे और उसे निरीक्षण के नाम पर धामनोद ले गए। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।
पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज मिले
पुलिस थोड़ी सी देर कर देती तो अब्दुल एक घंटे में गहने लेकर बांग्लादेश जाने के लिए रवाना हो जाता। उसके पास से मिले पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज से इसका पता चला। पुलिस ने ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित घर में बिस्तर पेटी में तकिए की खोल में रखे गए गहने बरामद किए।