इंदौर. छेड़छाड़ से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश करने वाली छात्रा और उसका परिवार तीन दिन से बदमाशों के खौफ में है। पुलिस को बदमाश मिल नहीं रहे लेकिन वे छात्रा के पिता को रिपोर्ट वापस लेने के लिए धमका रहे हैं।
11 दिसंबर की शाम कैट रोड की एक कॉलोनी में रहने वाली 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उसे पड़ोस में रहने वाला राम बागरी परेशान करता था। छात्रा के पिता ने विरोध किया तो राम ने भाई संतोष, रिश्तेदार नीलेश के साथ मिलकर मारपीट की थी।
राजेंद्र नगर पुलिस ने राम सहित तीन आरोपियों पर केस तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। छात्रा के पिता ने भास्कर को बताया पुलिस कहती है कि आरोपी फरार हैं लेकिन हमें पता चला है कि वे कॉलोनी में ही घूम रहे हैं। उन्होंने अपने साथियों से धमकी पहुंचाई है कि रिपोर्ट वापस ले लो नहीं तो अच्छा नहीं होगा। हमें समझ नहीं आ रहा है कि हम क्या करें?
मेरी जान पर बन आई फिर भी पुलिस को परवाह नहीं
छात्रा की शुक्रवार रात को अस्पताल से छुट्टी हो गई । वह घर पर ही है। उसने बताया मुझे पता था पुलिस कुछ नहीं करेगी इसलिए मैंने फांसी लगाने का फैसला लिया था। मेरी जान पर बन आने के बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। अगर मैं पहले भी शिकायत करती तो यही होता। राम और उसका भाई संतोष सालों से शराब और गांजा बेच रहे हैं लेकिन पुलिस ने उन्हें आज तक नहीं पकड़ा।
आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे
यह गलत है कि आरोपी खुले घूम रहे हैं। हमारी टीम आरोपियों की तलाश में पीथमपुर और हातोद में छापे मार रही है। उनके परिचितों व रिश्तेदारों से लगातार पूछताछ की जा रही है। संतोष के 2010 के पहले 4 अपराध दर्ज हैं। हम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।'
- कमलेश शर्मा, टीआई राजेंद्र नगर
मनचले पीछा कर कट मारते हैं
खंडवा रोड यूनिवर्सिटी के पास भंवरकुआं थाना है फिर भी मनचलों को कोई डर नहीं। वे झुंड बनाकर छात्राओं का पीछा करते हैं। रास्ते भर फब्तियां कसते हैं, कट मारते हैं। इसके कारण कई बार छात्राएं हादसे का शिकार होते-होते बचीं।
यह जानकारी रविवार को यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने भास्कर को वाट्स-एप के जरिए भेजी। छात्राओं के साथ छात्र भी मैसेज कर बता रहे हैं कि कहां छेड़छाड़ होती है। ताजा उदाहरण शनिवार का है। एक छात्रा अपने दोस्त के साथ यूनिवर्सिटी से निकलकर जा रही थी। 3-4 बाइक पर सवार लड़के उसके पीछे लग गए। लड़कों ने बार-बार हॉर्न बजाए और कमेंट किए।
छात्रा के दोस्त ने लड़कों को ललकारा तो वे धमकी देकर चले गए। छात्रा ने बताया ऐसा अक्सर होता है। छात्रा के साथ उसकी अन्य सहेलियों ने भी यह जानकारी भेजी। इसके अलावा 22 लोगों ने संपर्क किया। ज्यादातर ने स्थानीय कॉलोनियों में छेड़छाड़ होने की शिकायत की।
थाना प्रभारी का वह नंबर दे दिया जो बंद है
अन्नपूर्णा रोड की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला को कोई परिचित दो दिन से कॉल कर परेशान कर रहा है। उन्होंने महिला सेल में कॉल किया तो उन्हें थाना प्रभारी का वो नंबर दिया गया जो बंद हो चुका है। आखिर में उन्होंने भास्कर से संपर्क किया और बताया दिनरात कॉल आने से वे परेशान हो चुकी हैं। पुलिस के रवैये से परेशान महिला की अब भास्कर की पहल पर सोमवार को वी केयर फॉर यू में शिकायत दर्ज होगी।
महिला को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश
इधर, एक महिला का रास्ता रोककर एक युवक ने जबरदस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश की। महिला चिल्लाई को वह भाग गया। महिला ने परिजनों को घटना बताई तब उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। रावजी बाजार पुलिस के अनुसार शनिवार को 30 वर्षीय महिला गाड़ी अड्डा रेलवे क्रॉसिंग के पास से गुजर रही थी, तभी आरोपी सचिन पिता महेश खत्री निवासी गाड़ी अड्डा ने सामने बाइक खड़ी कर महिला का हाथ पकड़ लिया।
सचिन ने जबरदस्ती बाइक पर बैठाने का प्रयास भी किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी भाग गया। महिला ने घटना की जानकारी परिवार को दी तो वे आरोपी की तलाश करने लगे। वह नहीं मिला तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।