इंदौर. एमजीएम मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग स्टाफ ने अग्रिम वेतनमान की मांग पर विरोध मुखर करते हुए मंगलवार को हड़ताल कर दी। एमवाय अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, दवा की एलपी, जांच मुफ्त करवाने सहित तमाम काम पूरी तरह ठप रहे। इससे मरीज परेशान हुए। अस्पताल के मेन गेट पर नर्सेस एसोसिएशन ने प्रदर्शन भी किया। हालांकि देर शाम नाटकीय ढंग से नर्सों ने हड़ताल वापस ले ली।
हड़ताल की सूचना पर अस्पताल प्रशासन ने सुबह नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं को अस्पताल बुला लिया था। दो काउंटर पर दो कर्मचारियों को तैनात किया गया। कुछ ही देर में सैकड़ों मरीजों की कतार लग गई। कैंसर अस्पताल में तो स्थिति और खराब हो गई। सीनियर स्टाफ नहीं था।
कार्रवाई के डर से हड़ताल खत्म? सोमवार रात 11 बजे तक नर्सें तय नहीं कर पा रही थीं कि हड़ताल पर जाएं या नहीं? मंगलवार को हड़ताल पर चले गए लेकिन भोपाल से कार्रवाई किए जाने को लेकर संकेत मिल चुके थे। इसी बीच विधायक राजेश सोनकर कॉलेज पहुंचे। दो घंटे डीन कार्यालय में चर्चा हुई।
वहां प्रभारी डीन डॉ. सुधा श्रीवास्तव, अधीक्षक डॉ. पी.एस. ठाकुर, एसोसिएशन अध्यक्ष रमेश जाट, रामेश्वर चंदेल, राजेश व्यास और कुछ विभागाध्यक्ष मौजूद थे। कॉलेज प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मांगें शासन स्तर पर लंबित हैं, जल्द पूरी की जाएंगी। इसके बाद हड़ताल वापस लेने की घोषणा की गई।