पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • India Team Will Reach To Indore Madhya Pradesh

भारत-ताइपे की टीमें 26 को इंदौर पहुंचेंगी, दोनों टीमें 27 से 30 तक अभ्यास करेंगी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. इंदौर टेनिस क्लब में 31 जनवरी से शुरू होने वाले एशिया ओसेनिया ग्रुप-एक के डेविस कप टाई के लिए इंदौर टेनिस क्लब का सिंथेटिक हार्ड कोर्ट लगभग तैयार हो गया है। कोर्ट के ईस्ट और वेस्ट एंड पर करीबन ढाई हजार दर्शकों के लिए मैच का आनंद लेने लिए अस्थायी गैलरी भी बन गई है। अब केवल इंतजार है तो भारत और चीनी ताइपे की टीमों के खिलाडिय़ों का। ये इंतजार भी रविवार को खत्म हो जाएगा जब दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ी इंदौर पहुंच जाएंगे। 27 से 30 जनवरी तक दोनों टीमों के खिलाड़ी यहां प्रैक्टिस करेंगे।

मैच की तैयारियों को लेकर इंदौर टेनिस क्लब के सचिव अनिल धूपर ने बताया कि शहर के इतिहास में पहली बार डेविस कप टाई इंदौर में होने जा रही है। इससे पहले यहां ऑल इंडिया स्तर के टूर्नामेंट हुए। टेनिस क्लब बनने से पहले स्तरीय मुकाबले यशवंत क्लब में होते थे। उस समय अपने जमाने के जाने-माने भारतीय खिलाड़ी रामानाथन कृष्णन, जयदीप मुखर्जी, प्रेमजीत लाल, आनंद अमृतराज, अख्तर अली, श्याम मिनोत्रा आदि यहां खेल चुके हैं।

भारत की दावेदारी मजबूत : धूपर ने बताया कि चीनी ताइपे के खिलाफ भारत की दावेदारी मजबूत है। हमारे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलकर यहां पहुंच रहे हैं। उन्हें वहां का अनुभव यहां काम आएगा। वैसे भी सोमदेव देवबर्मन, रोहन बोपन्ना अच्छे फार्म में हैं। युकी भांबरी भी अच्छा कर रहे है।

सनम सिंह साकेत मनेनी उभरते स्टार हैं। सबसे अच्छी बात तो यह है कि टीम के नान प्लेइंग कैप्टन अपने जमाने के डेविस कप स्टार आनंद अमृतराज हैं जिनका अनुभव इन युवाओं की टीम का मनोबल बढ़ाएगा। चीनी ताइपे पर हमारे खिलाड़ी 3-0 की लीड बनाने में हर हाल में कामयाब होंगे। डेविस कप वल्र्ड ग्रुप-एक में एशिया ओसेनिया जोन से 16 देश शामिल होते हैं। कुल मिलाकर डेविस कप में दुनिया के 130 देश शिरकत करते हैं।

26 को पहुंचेंगी दोनों टीमें : टेनिस क्लब में डेविस कप मुकाबलों के लिए जो कुछ काम बचे हैं उन्हें भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। दोनों टीमें गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को इंदौर पहुंचेंगी। टीमों के ठहरने के इंतजाम फारच्युन लैंडमार्क में किए गए। 27 से 30 जनवरी तक दोनों टीमें इंदौर टेनिस क्लब में ही प्रैक्टिस करेंगी।

डेविस कप टाई 31 से शुरू होगी। 31 जनवरी को शुरुआती एकल मैच होंगे। दूसरे दिन डबल्स और तीसरे दिन रिवर्स सिंगल्स खेले जाएंगे। पहले दिन एकल मैच सुबह 10 बजे शुरू होंगे। दूसरे दिन डबल्स मैच दोपहर 12 बजे शुरू होगा। तीसरे दिन रिवर्स सिंगल्स सुबह 10 बजे से प्रारंभ होंगे।

मैच के ड्रॉ 30 को डलेंगे : दोनों टीमों के बीच खेले जाने वाले प्रारंभिक एकल, डबल्स और उलट एकल मैचों के ड्रॉ 30 जनवरी को डाले जाएंगे। इसके बाद ही पता चलेगा कि कौन किससे खेलेगा।