इंदौर. सुबह की शुरुआत एक सुकूनदायक खबर से। हमारा इंदौर अब अत्यधिक प्रदूषित शहर नहीं रहा। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) ने इस पर मुहर लगा दी है। इसका सबसे बड़ा असर यह होगा कि शहर में नए उद्योगों को अब केंद्र की मंजूरी िमल सकेगी। इससे आपके लिए या आपके अपनों के लिए रोजगार के द्वार खुल सकेंगे।
दरअसल सीपीसीबी ने शहरों के प्रदूषण को लेकर ताजा रैकिंग मप्र प्रदूषण बोर्ड को भेजी है। इसमें इंदौर का क्रिटिकल एन्वायरमेंटल पॉल्यूशन इंडेक्स एक साल में 78.80 से घटकर 68 रह गया है। यानी करीब 10 पॉइंट का सुधार। हालांकि जिला प्रशासन व प्रदूषण बोर्ड का दावा है कि शहर का इंडेक्स घटकर केवल 58.70 रह गया है।
बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आरके गुप्ता ने कहा िक इंडेक्स सुधार के लिए सीपीसीबी को पत्र लिख रहे हैं। खैर, अत्यधिक प्रदूषित शहरों की सूची से हटने से अब शहर में नए उद्योग लगाने के लिए केंद्रीय पर्यावरण बोर्ड से लगी रोक हट गई है। अब प्रदेश का सिंगरौली शहर ही प्रदूषित शहरों की सूची में रह गया है।
किसे मानते हैं अत्यधिक प्रदूषित शहर
सीपीसीबी नियमों के तहत जिन शहरों का क्रिटिकल एन्वायरमेंटल पॉल्यूशन इंडेक्स 70 या उससे अधिक रहता है, उन्हें अत्यधिक प्रदूषित शहर माना जाता है।
इस तरह करते हैं रैंकिंग
सीपीसीबी की टीम आईआईटी दिल्ली द्वारा बनाए गए फार्मूले के तहत शहर की दस किमी की सीमा में जल, वायु, धूल कण आदि के विविध जगहों से सेंपल लेती है और इसमें प्रदूषक तत्वों की मात्रा देखती है। इसमें वाहनों का धुआं, फैक्टरी का प्रदूषित जल आदि के सेंपल लिए जाते हैं।
मात्रा के आधार पर अंक तय किए जाते हैं। कुल 100 अंकों में से औसत अंक दिए जाते हैं। देश भर के 20 से अधिक शहरों को रैंकिंग में रखा गया है, इसमें अधिकांश उत्तर प्रदेश के हैं। यह रैंकिंग साल 2009-10 में शुरू हुई थी।
इसलिए हुआ सुधार
कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने बताया बीते एक साल में शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण हुआ है। फैक्टरियों में ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर सख्ती की गई है, वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण के लिए फैक्टरियों पर कार्रवाई की गई। नदियों में प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों को विसर्जित करने पर भी रोक लगी है। इन सभी कारणों से यह इंडेक्स घटा है और शहर इस सूची से हट सका है।
2010 में भी शामिल था इंदौर
साल 2010 में भी इंदौर इस सूची में शामिल था, तब इसका इंडेक्स 72 था, इसके बाद वह बाहर हो गया, लेकिन 2013 में फिर सूची में शामिल हो गया था।