पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर। ग्वालियर के एक इंजीनियर ने इंदौर की युवती को प्रेम जाल में फंसाकर शादी कर ली। दो साल साथ रहने के बाद वह भाग गया। पत्नी ने गुमशुदगी भी दर्ज करवाई। कॉल डिटेल में प्रेमिका के बारे में पता चला। पत्नी ने उसकी मदद से पति को पकड़ लिया।
शुक्रवार दोपहर ज्योति वर्मा निवासी भागीरथपुरा परिचितों की मदद से पति मनीष राय निवासी ग्वालियर को पकड़कर परदेशीपुरा थाने पहुंची। उसने बताया दो साल पहले उसके फोन पर ग्वालियर के रहने वाले मनीष पिता जयप्रकाश राय का कॉल आया। दोनों में दोस्ती हो गई। 10 जनवरी 2010 को मां के देहांत के बाद मनीष ने मुझे बहन बनाकर मदद का आश्वासन दिया।
मुझे देवास के एक स्कूल में नौकरी मिली तो वह सामान शिफ्ट कराने आ गया। वहां उसने मेरे साथ गलत काम किया। विरोध करने पर अगले दिन मंदिर में खून से मांग भरकर शादी कर ली। बाद में हम भागीरथपुरा में रहने लगे। वह बीई की पढ़ाई करता रहा। मैंने सांवेर रोड के स्कूल में नौकरी कर खर्च उठाया।
दूसरी के चक्कर में पड़ा
ज्योति ने बताया पति ग्वालियर चला गया था। उसका एक लड़की से अफेयर है। मैंने लड़की को समझाया तो उसने मनीष से बात करना बंद कर दी। मनीष फिर मेरे पास आ गया। हमने आर्य समाज के मंदिर में दोबारा शादी कर ली। मां को मकान में मदद पहुंचाने के नाम पर मुझसे 50 हजार रुपए लेकर 1 अप्रैल को चला गया। इसके बाद वापस नहीं आया। 25 अप्रैल को मैंने बाणगंगा थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई। कॉल डिटेल निकलवाई तो पता चला इंदौर की एक अन्य लड़की से उसका अफेयर है।
मैं साथ नहीं रखूंगा
ज्योति ने उस लड़की की मदद से शुक्रवार को मनीष को इंदौर बुलवाया। वह पाटनीपुरा पर रेस्त्रां में मिलने आया, तभी उसे पकड़ लिया। परदेशीपुरा पुलिस ने उसे बाणगंगा थाने भेजा। यहां उसने पत्नी को रखने से मना कर दिया। ज्योति ने इसकी शिकायत एसपी ओपी त्रिपाठी से भी की है। बाणगंगा पुलिस मनीष के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.