पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. आने वाले 100 दिनों में पूरा इंदौर 4जी से जुड़कर वाई-फाई हो जाएगा। यानी हमारा शहर देश का पहला डिजिटल शहर हो जाएगा। रियल टाइम कनेक्टिविटी के कारण कई काम आसान हो जाएंगे। इंदौर के साथ भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सागर और उज्जैन को भी पहले फेज में डिजिटल सिटी बनाया जाएगा। उज्जैन को सिंहस्थ और सागर को विशेष परिस्थितियों के चलते चुना गया है। सरकार की तैयारी एक साल में प्रदेश के सभी शहरों को डिजिटल करने की है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 'भास्कर' को बताया आने वाले दिनों में इंदौर विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला शहर होगा।
इंदौर में 200 स्थान मास्ट (पोल) के लिए चयनित किए गए हैं। मास्ट पर 4जी सेवा के उपकरण लगाकर पूरे शहर को कवर किया जाएगा। शहर में अभी तक रिलायंस कंपनी द्वारा 244 किमी हिस्से में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जा चुकी है। कुल 415 किमी में फाइबर केबल बिछाई जाएगी। डिजिटल सिटी के अलावा कार्पोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी के तहत शहर के बगीचे और प्ले ग्राउंड का विकास भी किया जाएगा। कंपनी आने वाले 20 साल तक इनका रखरखाव भी करेगी। शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में भी बेहतर कार्य किए जाएंगे। खान नदी में नाव चलाने के साथ जल यातायात की भी योजना है। इसका प्रस्ताव तैयार हो चुका है।
कुछ ऐसा होगा 4जी का सेटअप
30 मीटर के पोल (मास्ट) पर 4जी का एंटीना और तीन कैमरे रहेंगे। एक पीटीजेड, दूसरा स्टेटिक और तीसरा डिजिटल कैमरा होगा। कंट्रोल रूम से ये कैमरे जुड़े रहेंगे। सोलर पैनल और बैटरी से इनका संचालन होगा। सरकारी विभाग और अफसर भी इससे जुड़ेंगे। उपभोक्ता को इससे 4जी की सुविधा मिलेगी लेकिन उसे संबंधित कंपनी से 4जी कनेक्शन लेना होगा। बड़ा फायदा यह होगा कि सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज गति से होगा।
ये फायदे होंगे
: घर की सुरक्षा, हाउस मैनेजमेंट, उपयोगी वस्तुओं की जानकारी, घर बैठे कॉन्फ्रेंसिंग, बिजनेस साल्यूशंस में आसानी होगी।
: गली-मोहल्ले और सड़कों, स्कूलों के बाहर असामाजिक तत्वों की हरकतों पर ज्यादा अच्छे तरीके से नजर रखी जा सकेगी।
: भीड़ वाले आयोजनों में लोगों की संख्या पता करना, सड़कों पर अवैध पार्किंग संबंधित जानकारी विभागों को बैठे-बैठे मिल जाएगी।
: आपदा प्रबंधन में बेहद मददगार, खतरे होने पर अलर्ट करना, लोगों को एक समय अलग-अलग स्थानों पर सूचित करना आसान होगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.