पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • IPL, Politics, BJP Madhya Pradesh, Cricket News

राजनीति का आईपीएलः क्रिकेट के सहारे तैयार करेंगे चुनावी पिच

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर। गुटबाजी और भीतरघात से परेशान भाजपा ने कार्यकर्ताओं में टीम भावना जगाने की नई तरकीब सोची है। प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के बीच क्रिकेट मैच करवाने का फैसला किया गया है। पार्टी के हर मंडल में 10-10 टीमें बनाई जाएंगी।

इस तरह पूरे प्रदेश में 7 हजार 740 टीमों का गठन होगा। टीम में 13 युवा कार्यकर्ता रहेंगे। पार्टी की इस कवायद को प्रदेश में सत्ता की हैटट्रिक की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि मैच खत्म होने के बाद इन्हीं एक लाख 13 हजार से ज्यादा खिलाडिय़ों (कार्यकर्ताओं) को पार्टी नई जिम्मेदारी के साथ चुनावी मैदान में उतारेगी।

इंदौर-2 और महू के विधायक 'एक यूथ-12 यूथ' के तहत क्रिकेट का सफल ट्रायल पिछले महीने कर चुके हैं। इसके बाद भाजयुमो ने यह आयोजन पखवाड़ेभर तक पूरे प्रदेश में करवाने का फैसला किया। शुक्रवार को इंदौर में मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप मौर्य ने इस मुद्दे पर बैठक बुलाकर उन लोगों से चर्चा भी की जिन्होंने महू और इंदौर-2 में बूथ स्तर तक टीमें गठित कर मैच करवाए।